समोसे को लेकर विवाद : धारदार हथियार से किरतपुर में सोते हुए बुजुर्ग की हत्या


आरा:-जिले के चौरी थाना क्षेत्र के कौलोडिहरी गांव में रविवार की सुबह महज एक समोसे को लेकर उपजे विवाद के कारण धारदार हथियार से मारकर एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। इलाज के दौरान पटना में स्थित निजी अस्पताल में सोमवार की देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के शरीर पर सर में जख्म का निशान पाया गया है। घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। जानकारी के अनुसार मृतक चौरी थाना क्षेत्र के कौलोडिहरी गांव निवासी स्व. सगलु यादव के65 वर्षीय पुत्र चंद्रमा यादव है एवं वह किसान थे।
इधर, मृतक के जीजा देवमुनी सिंह यादव ने बताया कि बीते शनिवार की शाम चंद्रमा यादव का पोता गांव के ही आशा देवी के दुकान पर समोसा खरीदने गया था। जहां उसके लड़के से झगड़ा हो गया था। हालांकि शनिवार की शाम बात खत्म हो गई थी और रविवार की सुबह जब चंद्रमा यादव आशा देवी से झगड़े को लेकर पूछताछ करने गए तो बात ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों आपस में हाथापाई करने लगे। उसी दौरान आशा देवी अपने हाथ में तलवार लेकर आई और चंद्रमा यादव के सिर पर मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद परिजन द्वारा उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया था। जहां से प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया था। तब परिजन उन्हें इलाज के लिए पटना स्थित निजी अस्पताल ले आए थे। जहां इलाज के दौरान सोमवार की दिन, रात में उन्होंने दम तोड़ दिया।
इसके बाद परिजन उनके शव को वापस गांव ले आए और इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी। सूचना पाकर स्थानीय थाना मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। वहीं दूसरी तरफ मृतक के जीजा देवमुनी सिंह यादव ने गांव के ही आशा देवी पर समोसे के विवाद को लेकर अपने साला चंद्रमा यादव की तलवार से मारकर उनकी हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं चौरी थानाध्यक्ष जयराम शुक्ला ने बताया कि18 तारीख की शाम झगड़ा हुई थी। उसी मारपीट में जख्मी होने के कारण उनकी मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। बताया जाता है कि मृतक के परिवार में पत्नी फूला देवी, दो पुत्री सिंकू देवी,रिंकू देवी व दो पुत्र रवि यादव एवं अविनाश यादव हैं। मृतक की एक पुत्री गुड़िया देवी की मौत कुछ वर्ष पूर्व बीमारी के कारण हो गई थी। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। इस घटना के बाद मृतक की पत्नी फूला देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आरा से विवेक कुमार सिंह कीरिपोर्ट