PATNA : शिक्षकों से जुड़ी एक बड़ी ख़बर सामने आ रही है कि शिक्षकों की ट्रांसफर-पोस्टिंग पर रोक लगा दी गई है। शिक्षा विभाग ने फिलहाल इस पर रोक लगा दी है। इस पूरे मामले पर अब बिहार के शिक्षा मंत्री डॉ. सुनील कुमार का बड़ा बयान सामने आया है।
बिहार के शिक्षा मंत्री डॉ. सुनील कुमार ने कहा है कि सक्षमता परीक्षा के बाद इसे लागू करेंगे। साथ ही जरूरत पड़ने पर बदलाव भी संभव है। उन्होंने कहा कि बहुत शिक्षक और शिक्षिकाओं और संगठनों ने जो हमारी ट्रांसफर नीति है, उसके संबंध में उनके मन में कुछ बातें थी तो उनपर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए मुख्यमंत्री जी से विचार-विमर्श करते हुए हमलोगों ने फैसला लिया है कि जो ट्रांसफर नीति उसे हमलोग तत्काल स्थगित रखेंगे।
इसके साथ ही शिक्षा मंत्री ने कहा कि जो सारी सक्षमता परीक्षाएं हैं, वो सब पूरी हो जाएंगी तो उसके बाद कम से कम सभी को मौका मिलेगा क्योंकि अभी करने से जो लोग सक्षमता परीक्षा दे रहे हैं या देने वाले हैं तो उनके साथ उतना फेयर नहीं होगा इसलिए हमलोगों ने सहानुभूति पूर्वक सभी पहलुओं पर विचार करते हुए रोक लगायी है। इम्तिहान की जो प्रक्रिया है, वो चलती रहेगी। जो नियुक्तियां है, वो भी होगी।
