बोधगया आने वाले विदेशी श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी : 25 अक्टूबर से शुरू होगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें,थाईलैंड और भूटान से सीधी कनेक्टिविटी
बिहार के बोधगया आने-वाले देश-विदेश के बौद्ध श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 25 अक्टूबर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन फिर शुरू होने जा रहा है। इसके साथ ही बोधगया के विंटर पर्यटन सीजन की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के शुरू होने से विदेशी पर्यटकों और श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक होगी।
गया एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय सेवाएं संचालित की तैयारी पूरी
गया एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय सेवाएं संचालित करने के लिए कई प्रमुख विमानन कंपनियों ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहले चरण में थाई एयर एशिया, थाई एयरवेज, ड्रुक एयर, भूटान एयरलाइंस और इंडिगो ने अपना विंटर फ्लाइट शेड्यूल एयरपोर्ट प्रबंधन को सौंप दिया है। इन उड़ानों के जरिए थाईलैंड, भूटान समेत अन्य देशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सीधे गया पहुंच सकेंगे।
कई देशों से हजारों श्रद्धालु महाबोधि मंदिर में दर्शन के लिए आते
हर वर्ष अक्टूबर से मार्च तक बोधगया में बौद्ध धर्मावलंबियों का सबसे बड़ा धार्मिक और पर्यटन सीजन रहता है। इस दौरान थाईलैंड, श्रीलंका, जापान, म्यांमार, वियतनाम, दक्षिण कोरिया, भूटान और अन्य देशों से हजारों श्रद्धालु महाबोधि मंदिर में दर्शन और साधना के लिए आते हैं।
राज्य में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन से बिहार के पर्यटन उद्योग, होटल व्यवसायी, ट्रैवल एजेंसियों और स्थानीय व्यापार को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। गया एयरपोर्ट की बेहतर अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी से बोधगया की वैश्विक पहचान और मजबूत होगी और राज्य में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। यात्रियों को भी कम समय में बेहतर और सीधी हवाई सुविधा का लाभ मिल सकेगा।





