ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट : रांची के मोरहाबादी में हुई घटना,विरोध में सैकड़ों कर्मियों ने घेरा अपार्टमेंट
रांची: राजधानी के पौष इलाके मोरहाबादी स्थित श्री रामकृष्ण एंक्लेव में उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब ऑनलाइन डिलीवरी ऐप ब्लिंकिट के एक डिलीवरी बॉय के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई. इस घटना के विरोध में सैकड़ों डिलीवरी कर्मी एकजुट हो गए और अपार्टमेंट का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे.
अन्य ब्लिंकिट डिलीवरी पार्टनर्स ने विरोध में किया हंगामा
बताया जा रहा है कि ब्लिंकिट का एक डिलीवरी बॉय सामान की डिलीवरी देने के लिए मोरहाबादी के रामकृष्ण अपार्टमेंट पहुंचा था. इस दौरान डिलीवरी बैग का थैला टूट जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ,जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दिल हो गई. उसे बुरी तरह से पीट दिया गया. अन्य ब्लिंकिट डिलीवरी पार्टनर्स को जैसे ही मारपीट की सूचना मिली,वे आक्रोशित हो गए. देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में डिलीवरी कर्मी रामकृष्ण अपार्टमेंट के पास पहुंचक हंगामा करने लगे. मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए.राइडरों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया. मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा.
पुलिस अधिकारियों ने मामले को कराया शांत
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लालपुर और बरियातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची.पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे राइडरों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों से जानकारी ली जा रही है.





