Hindi News / लालू ने नीतीश का लिया नाम तो भड़के शिक्षा मंत्री, कहा- उम्र हो...

BIHAR POLITICS : लालू ने नीतीश का लिया नाम तो भड़के शिक्षा मंत्री, कहा- उम्र हो गई, अब आध्यात्मिक जीवन में ध्यान दीजिए

Edited By:  |
bihar politics bihar politics

पटना:लालू परिवार की सुरक्षा में कथित कटौती और सरकारी आवास को लेकर चल रहे विवाद के बीच बिहार की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है. राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद द्वारा पूरे मामले के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जिम्मेदार ठहराए जाने पर बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि इस मामले में नीतीश कुमार की कोई भूमिका नहीं है और लालू प्रसाद राजनीतिक कारणों से उनका नाम ले रहे हैं.

पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मिथिलेश तिवारी ने कहा कि सरकार के फैसले किसी व्यक्ति विशेष के निर्देश पर नहीं,बल्कि नियमों,कानूनों और निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रियाओं के तहत लिए जाते हैं. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद लंबे राजनीतिक अनुभव वाले नेता हैं और उन्हें सरकारी कार्यप्रणाली की पूरी जानकारी है. इसके बावजूद वे हर मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का प्रयास करते हैं. मंत्री ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी आवास से संबंधित फैसले प्रशासनिक स्तर पर लिए जाते हैं तथा इनमें किसी राजनीतिक हस्तक्षेप की भूमिका नहीं होती.

शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा लिया गया निर्णय नियमों के अनुरूप है और उसका सम्मान किया जाना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि तथ्यों से अलग बयान देकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है. मिथिलेश तिवारी ने कहा कि जनता को भ्रमित करने के बजाय सभी पक्षों को तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए.

अपने बयान के दौरान मंत्री ने लालू प्रसाद को सलाह देते हुए कहा कि अब उनकी उम्र काफी हो चुकी है और उन्हें राजनीति से ऊपर उठकर आध्यात्मिक जीवन की ओर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद लंबे समय तक सरकारी आवास में रहे हैं और अब उन्हें उसका मोह छोड़ देना चाहिए. सरकार जो भी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है,उन्हें स्वीकार कर संतोष करना चाहिए. मंत्री के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--