BIG NEWS : लखीसराय में तेज हवा के कारण यज्ञ मंडप गिरा, मंडप के नीचे दबने से 3 मवेशी की मौत
लखीसराय:जिले केनया बाजार स्थित किउल नदी किनारे तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच एक यज्ञ मंडप अचानक भर भराकर गिर पड़ा जिससे मंडप के नीचे दबने से 3 मवेशी की मौत हो गई जबकि वहां मौजूद कुछ लोग किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग गये.
बताया जा रहा है कि वृंदावन निवासी बिहारी यादव अपने मवेशियों को नदी किनारे चरा रहे थे. मौसम खराब होने पर वे मवेशियों को लेकर पास के यज्ञ मंडप में पहुंच गए. लेकिन कुछ ही देर बाद तेज हवाओं का दबाव इतना बढ़ गया कि पूरा मंडप धराशायी हो गया. मंडप में मौजूद लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचा ली,लेकिन तीन मवेशी मलबे के नीचे दब गए. हादसा इतना भयावह था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाया गया और दबे हुए मवेशियों को बाहर निकाला गया. इस घटना के बाद पशुपालकों का रो-रो कर बुरा हाल है,जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है. हादसे की जानकारी मिलने पर सूर्यगढ़ा के पूर्व विधायक प्रह्लाद यादव भी घटना स्थल पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित पशुपालकों से मुलाकात की और प्रशासन से सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया. साथ ही मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराकर उचित मुआवजा दिलाने की बात कही.
लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट---





