Hindi News / शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में खोले जाएंगे 79 नए आउट पोस्ट,गतिविधियों पर अब...

बिहार पुलिस मुख्यालय का फैसला : शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में खोले जाएंगे 79 नए आउट पोस्ट,गतिविधियों पर अब 24 घंटे निगरानी

Edited By:  |
bihar police mukhyalay ka bada faisla bihar police mukhyalay ka bada faisla

पटना:राजधानी पटना और आस-पास के इलाकों में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय ने बड़ा फैसला लिया है. अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में 79 नए पुलिस आउट पोस्ट (ओपी) खोले जाएंगे. इन नए ओपी के शुरू होने से संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और अपराधियों पर लगातार नजर रखी जा सकेगी.

पुलिस मुख्यालय की योजना के अनुसार प्रत्येक नए ओपी में 10-10 पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात किए जाएंगे. शुरुआती चरण में हर ओपी का प्रभार एसआई या एएसआई रैंक के अधिकारी को सौंपा जाएगा. क्षेत्र की आवश्यकता अनुसार चार से पांच जवानों की तत्काल तैनाती की जाएगी,जबकि अतिरिक्त सशस्त्र बल पुलिस केंद्र से उपलब्ध कराया जाएगा.

नई व्यवस्था के तहत पुलिस केवल नियमित गश्त तक सीमित नहीं रहेगी,बल्कि खुफिया सूचना जुटाने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा. हत्या, लूट, डकैती, छिनतई और अन्य गंभीर मामलों में शामिल रहे अपराधियों, जेल से छूटे बदमाशों तथा जमानत पर बाहर आए संदिग्ध अपराधियों की गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। इससे अपराध की घटनाओं को रोकने और वारदात होने से पहले ही कार्रवाई करने में मदद मिलेगी.

पुलिस मुख्यालय ने हाल के दिनों में पटना और आस-पास के जिलों में हुई हत्या, लूट, डकैती और छिनतई जैसी घटनाओं की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया है. अधिकारियों का मानना है कि नए ओपी शुरू होने से पुलिस की पहुंच आम लोगों तक और तेज होगी,आपात स्थिति में प्रतिक्रिया का समय घटेगा और अपराधियों में कानून का भय बढ़ेगा. राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.