रामगढ़ सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी : एसपी को बांग्ला भाषा में भेजा गया ई-मेल,डॉग स्क्वायड से चप्पे-चप्पे की तलाशी
रामगढ़:व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है. रामगढ़ एसपी को बंगला भाषा में धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस महकमा हाई अलर्ट पर है. बुधवार सुबह से कोर्ट परिसर में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया और सुरक्षा व्यवस्था पहले से कई गुना बढ़ा दी गई है.
न्यायालय आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच जारी
धमकी की सूचना मिलते ही डॉग स्क्वायड, मेटल डिटेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली गई. कोर्ट भवन के सभी कक्ष, रिकॉर्ड रूम, पार्किंग, गलियारे, प्रवेश और निकास द्वार समेत हर संवेदनशील स्थान की बारीकी से जांच की गई. न्यायालय आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है और पूरे परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जा रही है.
पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी
पूरे सर्च अभियान का नेतृत्व रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन कर रहे हैं. पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर जांच में जुट गई है. हालांकि,अब तक किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है. अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जांच पूरी होने तक सतर्कता जारी रहेगी.





