BIHAR NEWS : पटना में आकाश यादव के फ्लैट पर नकाबपोश संदिग्ध पहुंचा, पाटलिपुत्र थाने में शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की
पटना: राजधानी पटना में लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव और आकाश यादव के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है. आकाश यादव ने अपने फ्लैट पर एक नकाबपोश संदिग्ध व्यक्ति के पहुंचने को लेकर पाटलिपुत्र थाने में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने घटना के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग की है.
शिकायत के अनुसार,20 अगस्त की दोपहर करीब 3:50 बजे आकाश यादव के फ्लैट के दरवाजे पर किसी ने दस्तक दी. दरवाजा खोलने पर कंधे पर बैग लिए एक नकाबपोश व्यक्ति सामने दिखाई दिया. संदिग्ध को देखकर खतरा महसूस होने पर आकाश ने तत्काल दरवाजा बंद कर दिया और सोसायटी के गार्ड को इसकी सूचना दी.
गार्ड के पहुंचने पर संदिग्ध वहां से निकलने लगा,लेकिन उसे पकड़ लिया गया. गार्ड ने उससे नकाब हटाने और विजिटर रजिस्टर में नाम-पता दर्ज करने को कहा. शिकायत के मुताबिक,उसने रजिस्टर में पहले‘विश्वजीत’नाम और एक मोबाइल नंबर लिखा. नंबर संदिग्ध लगने पर पूछताछ की गई. पुलिस में शिकायत की बात कहे जाने पर उसने दूसरा मोबाइल नंबर दर्ज किया और वहां से चला गया.
आकाश यादव का दावा है कि बाद में सोसायटी केCCTVफुटेज की जांच में संदिग्ध की पहचान विकास कुमार उर्फ पोता के रूप में हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि विकास यादव,तेजप्रताप यादव का करीबी रिश्तेदार है. इसी आधार पर आकाश ने घटना को साजिश से जोड़ते हुए पुलिस से जांच की मांग की है.
पाटलिपुत्र थानेदार के अनुसार,पुलिस को आवेदन मिला है.CCTVफुटेज हासिल कर लिया गया है और तकनीकी जांच कराई जा रही है. संदिग्ध व्यक्ति की पहचान और उसके वहां पहुंचने का उद्देश्य जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





