BIHAR NEWS : सीएम सम्राट 2 जुलाई को करेंगे भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक मेट्रो सेवा का विस्तार
पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक मेट्रो सेवा का विस्तार करेंगे। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उद्घाटन के बाद आइएसबीटी से लेकर मलाहीपकड़ी तक मेट्रो का परिचालन शुरू हो जाएगा।
विदित हो कि पटना में यातायात व्यवस्था बेहतर करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा मेट्रो सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद पटना मेट्रो का करीब13,365करोड़ की लागत से निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ। प्रथम फेज के पहले कॉरिडोर में6अक्टूबर2025को आइएसबीटी से भूतनाथ तक करीब3.2किलोमीटर मेट्रो का परिचालन शुरू किया गया था। उसके आठ माह बाद2जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक इस मेट्रो सेवा का विस्तार करेंगे। इसके बाद से पटनावासियों को आइएसबीटी से लेकर मलाहीपकड़ी तक करीब6किलोमीटर की दूरी तक मेट्रो की सेवा मिलने लगेगी। इससे लोगों का आवागामन आसान हो जाएगा। बताया जाता है कि पहले चरण में मेट्रो का परिचालन बैरियाचक से पाटलिपुत्र बस स्टैंड, जीरो माइल से होकर भूतनाथ तक शुरू किया गया था। दूसरी बार इसका विस्तार किया जा रहा है।
मलाहीपकड़ी के बाद से भूमिगत हो जाएगी मेट्रो
मलाहीपकड़ी के बाद से मेट्रो को शुरू करने के लिए कार्यदायी संस्था द्वारा तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। बताया जाता है कि मलाहीपकड़ी स्टेशन के बाद मेट्रो भूमिगत हो जाएगी और पीएमसीएच, गांधी मैदान, डाकबंगला होते हुए पटना जंक्शन तक जाएगी। इसमें छह भूमिगत स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें राजेंद्र नगर, मोइन उल हक स्टेडियम, पटना साइंस कॉलेज, पीएमसीएच, गांधी मैदान और आकाशवाणी मेट्रो स्टेशन शामिल है।
एक पखवाड़े में शुरू होगा खेमनीचक मेट्रो स्टेशन
विभागीय अधिकारियों के अनुसार भूतनाथ से मलाहीपकड़ी के बीच खेमनीचक स्टेशन का निर्माण किया गया है। वहीं से मेट्रो मीठापुर, चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान, करबिगहिया होते हुए पटना जंक्शन पहुंचेगी। एक पखवाड़े के अंदर खेमनीचक स्टेशन को शुरू करने की तैयारी की जा रही है।





