BIHAR NEWS : विधायकों के सम्मान को लेकर सम्राट सरकार सख्त, सचिव से DM तक को जारी हुआ निर्देश
पटना: बिहार में विधायकों और अधिकारियों के बीच प्रोटोकॉल और शिष्टाचार को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है. सरकार ने सभी वरीय अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों के साथ निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने और उनके पद एवं गरिमा के अनुरूप सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा है. सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मोहम्मद सोहैल ने इस संबंध में सभी अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव, पुलिस महानिदेशक, प्रमंडलीय आयुक्त और जिलाधिकारियों को पत्र जारी किया है.
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई विधायक या विधान पार्षद अधिकारी को मोबाइल फोन पर संपर्क करता है तो अधिकारी तत्काल जवाब दें. किसी विशेष परिस्थिति में कॉल रिसीव नहीं हो पाने पर अधिकारी को यथाशीघ्र वापस फोन कर संवाद स्थापित करना होगा. इसके अलावा विधायकों की ओर से भेजे गए पत्रों की प्राप्ति की सूचना भी तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
सरकार ने अधिकारियों को यह भी कहा है कि विधायकों द्वारा उठाए गए मामलों पर की गई कार्रवाई अथवा उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित जनप्रतिनिधि को दी जाए. किसी विधायक या विधान पार्षद के कार्यालय पहुंचने पर उनके पद और गरिमा के अनुरूप प्रोटोकॉल तथा शिष्टाचार का पालन किया जाए.
दरअसल, विधायकों के साथ प्रोटोकॉल के प्रभावी अनुपालन को लेकर17 जुलाई2026 को बिहार विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में वरीय अधिकारियों की बैठक हुई थी. इसी बैठक के निर्देशों के बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिकारियों को दोबारा स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं. सरकार का संदेश साफ है कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद और सम्मान में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





