BIHAR NEWS : औद्योगिक क्रांति को नई रफ्तार 16 परियोजनाओं व 7 होटलों को मिली स्वीकृति
पटना:बिहार में औद्योगिक क्रांति को उद्योग विभाग की तरफ से नई रफ्तार प्रदान किया जा रहा है. बुधवार को उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक,बियाडा व आएडा,कुंदन कुमार की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक पीसीसी की एक बैठक आयोजित की गई. इसमें बिहार के औद्योगिक विकास के लिए ₹1000 करोड़ के निवेश से राज्य भर में 16 परियोजनाओं व 7 होटल ( 4 स्टार व 5 स्टार ) का निर्माण किया जायेगा. विभाग द्वारा मिली स्वीकृति के अनुसार इन औद्योगिक इकाइयों व होटलों से राज्य में 3,200 रोजगार के नये अवसर का विस्तार होगा. वहीं बुधवार को बियाडा की परियोजना समाशोधन समिति की बैठक में 16 परियोजनाओं व 7 होटल प्रस्ताव के लिए 31.78 एकड़ भूमि भी आवंटित की गई. इसके लिए प्रस्तावित परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में₹992.63 करोड़ के निवेश का अनुमान है. इन परियोजनाओं से 3,146 लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे.
स्थानीय युवाओं को मिलेंगे नौकरी के नये-नये अवसर : मंत्री
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि नई औद्योगिक परियोजनाओं से बिहार के आर्थिक विकास को नई गति मिल रही है. उन्होंने यह भी कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार व कौशल आधारित नए अवसर सृजित होंगे. बिहार सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण विकसित करने के साथ राज्य को आधुनिक औद्योगिक व विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए लगातार प्रयासरत है. उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक,बियाडा व आएडा,कुंदन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार संतुलित व समावेशी औद्योगिक विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है. बियाडा के माध्यम से पारदर्शी व समयबद्ध प्रक्रिया के तहत निवेशकों को औद्योगिक भूखंड उपलब्ध कराये जा रहे हैं.
इंडस्ट्रियल एरिया फतुहा,बैजनाथपुर,गोरौल,समस्तीपुर,डोनार व अन्य जगहों पर लगेगी इकाइयां
वहीं समिति द्वारा स्वीकृत परियोजनाओं में खाद्य प्रसंस्करण,राइस मिल, PEBस्ट्रक्चर निर्माण,स्टील रूफिंग शीट निर्माण,गारमेंट्स,कॉटन विक व अगरबत्ती निर्माण,करुगेटेड पेपर निर्माण और जनरल मैन्युफैक्चरिंग जैसे विविध क्षेत्र शामिल हैं. ये इकाइयां राज्य के अलग-अलग औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित की जायेगी. जिनमें फतुहा,बैजनाथपुर,गोरौल,समस्तीपुर,डोनार,मरंगा,मुजफ्फरपुर,पाटलिपुत्र व हाजीपुर इंडस्ट्रियल एरिया शामिल है.





