बिहार के डिप्टी सीएम को मिली धमकी : विजेंद्र यादव को आया धमकी भरा फोन,पार्सल बुकिंग का दिया झांसा
पटना:बिहार के उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव को फोन पर धमकी मिलने का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. उपमुख्यमंत्री के आप्त सचिव वीरेंद्र कुमार ने इस संबंध में पटना के साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सुरक्षा एजेंसियों को भी दी गई मामले की सूचना
प्राथमिकी में दी गई जानकारी के अनुसार,एक अज्ञात व्यक्ति ने उपमुख्यमंत्री के मोबाइल नंबर पर फोन किया. शुरुआत में फोन करने वाले ने दावा किया कि उनके नाम से एक पार्सल बुक किया गया है. बातचीत के दौरान उसने कथित तौर पर अपशब्दों का प्रयोग किया और धमकी भी दी. घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की सूचना संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को भी दी गई है.
विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच पड़ताल जारी
पटना साइबर थाना पुलिस अब उस मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच कर रही है, जिससे कॉल किया गया था. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कॉल करने वाला व्यक्ति कौन है और उसका उद्देश्य क्या था. जांच एजेंसियां, साइबर अपराधियों की संलिप्तता की आशंका को ध्यान में रखते हुए विभिन्न पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही हैं.
दोषियों की पहचान में जुटी पुलिस
उपमुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति को धमकी मिलने की घटना को सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय माना जा रहा है. ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई और दोषियों की पहचान आवश्यक होती है, ताकि कानून के प्रति लोगों का विश्वास कायम रहे और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके. फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.





