BIHAR NEWS : पटना नगर निगम की बड़ी उपलब्धि - 2025-26 में ₹125 करोड़ का रिकॉर्ड प्रॉपर्टी टैक्स संग्रहण
Patna : पटना नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में संपत्ति कर संग्रह के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. निगम को इस वर्ष रिकॉर्ड लगभग ₹125 करोड़ का प्रॉपर्टी टैक्स प्राप्त हुआ है,जो अब तक का सर्वाधिक संग्रह है. उल्लेखनीय है कि संपत्ति कर,भू-संपदा,पार्किंग,म्यूटेशन,जलापूर्ति,स्टाम्प ड्यूटी,विज्ञापन आदि सभी स्रोत से करीब 250 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है.
पटना नगर निगम क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 3 लाख 6 हजार होल्डिंग्स दर्ज हैं. इनमें से करीब 2 लाख 45 हजार होल्डिंग्स से वित्तीय वर्ष 2025-26 में कर संग्रह किया गया. यह आंकड़ा निगम की कर वसूली व्यवस्था में लगातार सुधार और नागरिकों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है.
वित्तीय वर्ष 2025-26 के शीर्ष सरकारी संपत्ति करदाता
• भवन निर्माण विभाग- 15.80 करोड़ रु
• एएन कॉलेज- 4.37 करोड़ रु
• सीआरपीएफ-1.12 करोड़ रु
• ऊर्जा विभाग-93.98 लाख रु
• पीएमसीएच- 78.31 लाख रु
विशेष सर्वेक्षण एवं OTS से बढ़ा कर संग्रहण: महापौर
महापौर सीता साहू ने कहा कि पटना नगर निगम द्वारा संपत्ति कर संग्रहण को बढ़ाने के लिए सुनियोजित रणनीति के तहत व्यापक स्तर पर कार्य किया गया,जिसका सकारात्मक परिणाम मिला है. उन्होंने कहा, “पटना नगर निगम क्षेत्र के सभी 375 सेक्टरों के लिए कुल 924 कर्मियों की विशेष टीम गठित की गई थी. इन टीमों द्वारा बिजली बिल के आधार पर ऐसे भवनों एवं भूमियों की पहचान के लिए विशेष सर्वेक्षण अभियान चलाया गया,जिनके पास होल्डिंग आईडी नहीं थी. इस पहल के माध्यम से बड़ी संख्या में नई संपत्तियों को कर के दायरे में लाया गया.”
उन्होंने कहा, “बकायेदारों को कर भुगतान के लिए प्रोत्साहित करने हेतु बिहार सरकार की वन टाइम सेटलमेंट (OTS)योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया. इस योजना के तहत ब्याज एवं शास्ति (Interest and Penalty)में दी गई छूट की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई गई,जिससे लोगों को एकमुश्त भुगतान के लिए प्रेरणा मिली और निगम को रिकॉर्ड स्तर पर संपत्ति कर संग्रहण प्राप्त हुआ.”
बड़े बकायेदारों को चिह्नित कर चलाया गया विशेष अभियान: नगर आयुक्त
नगर आयुक्त ने कहा कि पटना नगर निगम द्वारा बड़े बकायेदारों को चिह्नित कर विशेष वसूली अभियान चलाया गया. उन्होंने कहा, "कुल 9435 वैसे संपत्तिधारक,जिनका पांच हजार रुपये से ज्यादा संपत्ति कर बकाया था,उनके खिलाफ नोटिस जारी कर एवं धावा दल के माध्यम से नियमानुकूल कार्रवाई की गई.
अवकाश पर भी खुले रहे काउंटर, मुख्यालय से की गई कर संग्रहण की डिजिटल मॉनिटरिंग
उल्लेखनीय है कि आम जन की सहूलियत के लिए पटना नगर निगम द्वारा प्रत्येक कार्यदिवस एवं अवकाश के दिन भी सुबह 7 बजे से लेकर रात्रि 9 बजे तक मुख्यालय एवं सभी अंचल कार्यालयों में टैक्स कलेक्शन काउंटर खुले रहे. साथ ही नगर आयुक्त के नेतृत्व में मुख्यालय द्वारा सभी डोर-टू-डोर टैक्स कलेक्टर्स को ट्रेनिंग दी गई एवं नियमित उनके कार्य की समीक्षा की गई. साथ ही मुख्यालय द्वारा राजस्व संग्रहण कार्य की डैशबोर्ड के माध्यम से रियल टाइम मॉनिटरिंग की गई.
पटना नगर निगम ने भेजे 10 करोड़ SMS, कॉल सेंटर से लगातार हुआ फॉलो-अप
पटना नगर निगम द्वारा बड़े स्तर पर शॉर्ट मेल सर्विस कैंपेन चलाया गया जिसके अंतर्गत प्रत्येक दिन पांच लाख बल्क मैसेज भेजे गए. इस अभियान में उन संपत्तिधारकों से भी संपर्क किया गया जो अन्य शहर में रह रहे हैं. उन्हें ओटीएस एवं ऑनलाइन माध्यम से कर भुगतान की सुविधाओं के प्रति जागरुक किया गया एवं समय पर भुगतान के लिए प्रोत्साहित किया गया. मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से भी लगातार बकायेदारों का फॉलो-अप किया गया.
वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्था, ट्रांसिट मीडिया से व्यापक प्रचार-प्रसार
वरिष्ठ नागरिकों को चिह्नित कर उन्हें कर भुगतान की डोर-टू-डोर सेवा दी गई जिसमें टैक्स कलेक्टर द्वारा उनके घर जाकर कैश अथवा ऑनलाइन माध्यम से कर भुगतान सुनिश्चित कराया गया एवं ऑन-स्पॉट भुगतान की रसीद उपलब्ध करायी गई. साथ ही,पटना नगर निगम द्वारा ट्रांजिट मीडिया जैसे ई-रिक्शा एवं डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की गाड़ियों पर भी जिंगल के माध्यम से जागरुकता अभियान चलाया गया.
पटना नगर निगम सभी संपत्तिधारकों से अपील करता है कि वे वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संपत्ति कर का भुगतान पहली तिमाही में ही कर दें. अप्रैल से जून तक संपत्ति कर जमा करने पर संपत्ति कर की मूल राशि पर 5 फीसदी की छूट निगम के द्वारा दी जाती है.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--





