Hindi News / राज्यपाल ने की गंगा आरती,दामोदर उद्गम स्थल को पर्यटन केंद्र बनाने की मांग

लोहरदगा में गंगा दशहरा महोत्सव : राज्यपाल ने की गंगा आरती,दामोदर उद्गम स्थल को पर्यटन केंद्र बनाने की मांग

Edited By:  |
lohardaga lohardaga

लोहरदगा: जिले के कुड़ू प्रखंड अंतर्गत सलगी पंचायत के चुल्हापानी गांव स्थित दामोदर नदी के उद्गम स्थल पर सोमवार को आयोजित गंगा दशहरा महोत्सव श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ. इस मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में सड़क मार्ग से चुल्हापानी पहुंचे. उनके आगमन पर उपायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया.

दामोदर नदी के उद्गम स्थल पर गंगा आरती

गंगा दशहरा महोत्सव के मौके परराज्यपाल ने विधायक एवं देवनद दामोदर महोत्सव के संरक्षक सरयू राय के साथ दामोदर नदी के उद्गम स्थल पर गंगा आरती और हवन में किये. कृतिक सौंदर्य से घिरे चुल्हापानी गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.

'भारत की नदियां केवल जलधारा नहीं,देश की जीवनदायिनी हैं'

गंगा दशहरा महोत्सव को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि भारत की नदियां केवल जलधारा नहीं हैं, बल्कि देश की जीवनदायिनी हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता का गहरा संबंध नदियों से रहा है तथा इनके संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की है. राज्यपाल ने कहा कि चुल्हापानी गांव पहुंचकर ऐसा महसूस हो रहा है मानो प्रकृति की गोद में आ गए हो. यहां का वातावरण और प्राकृतिक सौंदर्य लोगों को प्रकृति के प्रति जुड़ाव का संदेश देता है.

जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है. यदि समाज एकजुट होकर प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए आगे बढ़े तो कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता.

12 वर्षों से मांगदामोदर नदी कोप्रदूषण मुक्त बनाने की मांग

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एवं महोत्सव के संरक्षक विधायक सरयू राय ने कहा कि दामोदर नदी को बचाने और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए पिछले 12 वर्षों से निरंतर आंदोलन चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि वर्ष 2004 में पंचेत से मैथन तक की यात्रा के दौरान यह जानकारी सामने आई थी कि दामोदर नदी का उद्गम स्थल लोहरदगा जिले के कुड़ू प्रखंड के सलगी पंचायत स्थित चुल्हापानी गांव में है. तभी से इस क्षेत्र को पहचान दिलाने और नदी संरक्षण के लिए प्रयास जारी है.

दामोदर नदी को ‘देवनद दामोदर’ के नाम से जाना जाता

सरयू राय ने कहा कि लगातार जनजागरण और आंदोलन का सकारात्मक परिणाम सामने आया है तथा दामोदर नदी लगभग 75 प्रतिशत तक स्वच्छ हुई है और कई हिस्सों में इसका पानी पीने योग्य हो गया है. उन्होंने बताया कि झारखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में प्रवेश के बाद दामोदर नदी को ‘देवनद दामोदर’ के नाम से जाना जाता है, इसी कारण इस आयोजन का नाम ‘देवनद दामोदर महोत्सव’ रखा गया है.

चुल्हापानी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग

विधायक सरयू राय ने राज्यपाल एवं राज्य सरकार से मांग की है कि दामोदर नदी के उद्गम स्थल चुल्हापानी को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए और पूरे सलगी पंचायत के समग्र विकास की योजना बनाई जाए, ताकि यह क्षेत्र राज्य और देश के पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बना सके.

कार्यक्रम का मंच संचालन बालकृष्ण सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन ओमप्रकाश सिंह ने दिया. इस अवसर पर दामोदर बचाओ अभियान के अंशुल शरण, उपायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, जिप सदस्य गंगोत्री देवी, लाल गुड्डू नाथ शाहदेव, राजू गुप्ता, भूपाल पाठक, एसडीओ अमित कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, सीओ संतोष उरांव, थाना प्रभारी अजीत कुमार, मुखिया सुमित्रा देवी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे.