Hindi News / बौधगया के श्रीलंका मंदिर में गूंजा भारत और वियतनाम का राष्ट्रगान, दिखा अनोखा...

BIHAR NEWS : बौधगया के श्रीलंका मंदिर में गूंजा भारत और वियतनाम का राष्ट्रगान, दिखा अनोखा नजारा

Edited By:  |
bihar news bihar news

बोधगया: बिहार के बोधगया में स्वतंत्रता दिवस से पहले भारत और वियतनाम के बीच दोस्ती और सांस्कृतिक संबंधों की अनूठी तस्वीर देखने को मिली. वियतनाम के40सदस्यीय दल की ओर से श्रीलंका मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के समापन समारोह में5देशों के बौद्ध भिक्षु,भंते शामिल हुए.

कार्यक्रम की शुरुआत भारत और वियतनाम के राष्ट्रगान के साथ हुई. इस दौरान दोनों देशों के राष्ट्रीय ध्वज भी फहराए गए. बौद्ध धर्म की धरती बोधगया से दोनों देशों के बीच शांति,भाईचारे और मैत्री का संदेश दिया गया.

कार्यक्रम में भारत के अलावा वियतनाम,बांग्लादेश,म्यांमार,थाईलैंड और श्रीलंका के बौद्ध भिक्षु एवं भंते शामिल हुए. दो दिनों तक चले कार्यक्रम में भगवान बुद्ध के उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और जरूरतमंद एवं असहाय लोगों की सहायता करने पर जोर दिया गया.

वियतनाम से आए प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि भारत और वियतनाम के रिश्ते लंबे समय से बौद्ध संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़े रहे हैं. दोनों देशों के बीच मित्रता और मजबूत हो,इसी उद्देश्य को लेकर बोधगया में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया.

कार्यक्रम के दौरान बौद्ध धर्म के संदेश,मानव सेवा और विश्व शांति पर विशेष जोर दिया गया. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारत और वियतनाम के झंडे एक साथ नजर आए,जिसने पूरे कार्यक्रम को खास बना दिया.

बोधगया की धरती से आयोजित यह कार्यक्रम न केवल बौद्ध संस्कृति और मानव सेवा का संदेश दे गया,बल्कि भारत और वियतनाम के बीच मजबूत होते मैत्री संबंधों की भी तस्वीर पेश करता नजर आया.

बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट -