Hindi News / बांकीपुर नतीजों से पहले महागठबंधन में बढ़ी तकरार, कांग्रेस ने तेजस्वी पर साधा...

BIHAR NEWS : बांकीपुर नतीजों से पहले महागठबंधन में बढ़ी तकरार, कांग्रेस ने तेजस्वी पर साधा निशाना

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम आने से पहले बिहार की राजनीति में महागठबंधन के भीतर बयानबाजी तेज हो गई है. कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी यादव की अब महागठबंधन को मजबूत बनाए रखने में कोई रुचि नहीं रह गई है और सहयोगी दलों के साथ बेहतर तालमेल बनाने में राजद नेतृत्व पूरी तरह विफल रहा है.

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इस समन्वय की कमी का असर बांकीपुर उपचुनाव की चुनावी रणनीति और प्रदर्शन पर भी पड़ा. उन्होंने राजद के पारंपरिक'माई' (मुस्लिम-यादव) समीकरण पर भी सवाल उठाते हुए दावा किया कि इस बार दोनों वर्गों का वोट एकजुट नहीं रहा और विभिन्न दलों में बंट गया. उनके अनुसार, राजद का पारंपरिक सामाजिक आधार पहले जैसा मजबूत नहीं रह गया है.

असित नाथ तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक गलियारों में राजद और भाजपा के बीच किसी तरह की'अंदरूनी समझ' की चर्चा है. हालांकि, उन्होंने इस दावे के समर्थन में कोई ठोस प्रमाण सार्वजनिक नहीं किया. उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान महागठबंधन के सहयोगी दलों को अपेक्षित महत्व नहीं दिया गया, जिससे गठबंधन की सामूहिक ताकत का पूरा लाभ नहीं मिल सका.

बांकीपुर उपचुनाव का मतदान संपन्न हो चुका है और अब सभी राजनीतिक दलों की निगाहें3 अगस्त को आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी है. कांग्रेस के इन आरोपों ने नतीजों से पहले ही महागठबंधन के भीतर राजनीतिक तनाव को खुलकर सामने ला दिया है. वहीं, इस मामले पर राजद की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-