BIHAR NEWS : बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस पर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में अधिकारियों एवं कर्मियों ने ली सत्यनिष्ठा की शपथ
पटना:बिहार सतर्कता जागरुकता दिवस के अवसर पर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सभाकक्ष में गुरुवार को सतर्कता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग के सचिव दीपक आनंद ने की.
इस अवसर पर विभाग के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने लोकसेवक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ करने की शपथ ली. सभी ने संबंधित कानूनों, नियमों एवं प्रक्रियाओं का अनुपालन करते हुए जनहित को सर्वोपरि रखने तथा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाने का संकल्प लिया.
इस अवसर पर सचिव दीपक आनंद ने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही प्रशासन की मूल आधारशिला है. प्रत्येक लोकसेवक का दायित्व है कि वह अपने कार्यों में सत्यनिष्ठा बनाए रखते हुए आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराए. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजगता और ईमानदार कार्यसंस्कृति से ही जनविश्वास मजबूत होगा.
कार्यक्रम में निदेशक, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण निदेशालय विभूति रंजन चौधरी, संयुक्त सचिव रविन्द्र कुमार सहित विभाग के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
राज्य सरकार द्वारा दिनांक02 जुलाई2026 को बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस तथा दिनांक02 जुलाई से08 जुलाई2026 तक बिहार सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--





