BIHAR NEWS : सुल्तानगंज के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की हत्या पर CM सम्राट ने जताया शोक, सहायता की घोषणा
पटना : बिहार के सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार के असामयिक निधन की खबर से पूरे प्रशासनिक तंत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. इस दुखद घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने गहरी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि कृष्ण भूषण कुमार ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया और अंततः अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया.
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएँ प्रकट करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है. इस क्रम में मुख्यमंत्री ने दिवंगत अधिकारी के परिजनों को25लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है,ताकि परिवार को आर्थिक संबल मिल सके.
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी निर्णय लिया है कि कृष्ण भूषण कुमार के दाह-संस्कार को राजकीय सम्मान के साथ सम्पन्न कराया जाएगा. यह सम्मान उनके कर्तव्यनिष्ठ और साहसी व्यक्तित्व को श्रद्धांजलि के रूप में दिया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल दें. इस घटना ने प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच गहरा दुख और शोक का माहौल पैदा कर दिया है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





