BIHAR NEWS : भागलपुर में शहनवाज़ हुसैन का राहुल गांधी पर तीखा हमला, बोले-संसद में अर्बन नक्सल जैसा व्यवहार
भागलपुर: बिहार के भागलपुर में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सह राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज़ हुसैन ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर कड़ा प्रहार किया है. उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी संसद के भीतर अर्बन नक्सल की तरह व्यवहार कर रहे हैं और उनके साथ अर्बन नक्सल की एक पूरी टोली खड़ी दिखाई दे रही है.
शहनवाज़ हुसैन ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी को अब देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर ही नहीं बल्कि लोकसभा के स्पीकर पर भी भरोसा नहीं रहा है जो संसदीय लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है. शहनवाज़ हुसैन ने कहा कि विपक्ष के नेता का इस तरह का रवैया लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है और यह दर्शाता है कि उनकी मंशा अलोकतांत्रिक है. बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि संसद देश की सर्वोच्च संस्था है, जहां बहस और चर्चा के माध्यम से जनता के मुद्दों को उठाया जाना चाहिए न कि अविश्वास और हंगामे के जरिए व्यवस्था को कमजोर किया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी बार-बार संसद की कार्यवाही पर सवाल उठाकर लोकतंत्र को ठेस पहुंचाने का काम कर रहे हैं. शहनवाज़ हुसैन के इस बयान के बाद भागलपुर समेत पूरे बिहार की राजनीति में सियासी हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाज़ी और तेज होने के आसार हैं.
भागलपुर से रवि आर्यन की रिपोर्ट ---





