BIHAR NEWS : पटना में बढ़ी बिजली की मांग, 843 मेगावाट पहुंचा लोड; शिकायतों के निपटारे को 13 अतिरिक्त फ्यूज कॉल सेंटर शुरू
Patna : पटना में बढ़ती गर्मी के साथ बिजली की मांग एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगी है. पेसू क्षेत्र में गुरुवार को अधिकतम बिजली लोड 843.1 मेगावाट दर्ज किया गया. हालांकि यह पिछले वर्ष गर्मी के मौसम में बने 883 मेगावाट के रिकॉर्ड से अभी कम है,लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए आने वाले दिनों में नया रिकॉर्ड बनने की संभावना जताई जा रही है.
इस सीजन में 23 मई को बिजली की मांग 862.3 मेगावाट तक पहुंची थी,जो अब तक का सबसे अधिक लोड रहा. इसके बाद मौसम में बदलाव और तापमान में गिरावट के कारण बिजली खपत में कमी दर्ज की गई. 26 मई को मांग करीब 750 मेगावाट रही,जबकि 27 और 28 मई को क्रमशः 684.2 और 682.8 मेगावाट लोड रिकॉर्ड किया गया. 29 मई को यह आंकड़ा घटकर 481 मेगावाट पर पहुंच गया था.
मौसम के फिर गर्म होते ही बिजली की खपत में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. बढ़ती मांग का असर उपभोक्ता शिकायतों पर भी पड़ रहा है. पेसू के 70 फ्यूज कॉल सेंटरों पर शिकायतों की संख्या लगातार बढ़ रही है. दो जून को 1303,तीन जून को 1322 और शुक्रवार को 1405 शिकायतें दर्ज की गईं.
उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पेसू ने अतिरिक्त व्यवस्था की है. मौजूदा 70 फ्यूज कॉल सेंटरों के अलावा 13 अस्थायी फ्यूज कॉल सेंटर शुरू किए गए हैं. ये सेंटर 31 अक्टूबर तक संचालित होंगे. इनके संचालन के लिए 228 तकनीकी कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है,ताकि बिजली आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का तेजी से निपटारा किया जा सके.
बिजली विभाग का मानना है कि यदि तापमान में और वृद्धि होती है तो राजधानी में बिजली मांग का नया रिकॉर्ड बन सकता है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





