BIHAR NEWS : उम्मीद लेकर आए, समाधान लेकर लौटे-सहयोग शिविर ने आसान की आमजन की जिंदगी
पटना:राजधानी के वार्ड संख्या-31में जनता की समस्या के समाधान के लिए लगाये गये सहयोग शिविर में आए नवरत्नपुर के साधु शरण ने कहा कि उन्होंने अपने आवास में एक दुकान के लिए जगह बनायी थी. जिस पर नगर निगम द्वारा कॉमर्शियल टैक्स देने का नोटिस आया है. सहयोग शिविर में आये कर्मचारियों को अपनी समस्या की जानकारी दी. इसका मुझे उचित सुझाव दिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि आवासीय भूमि को आप कॉमर्शियल में इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो इसके लिए हमारा सहयोग प्राप्त होगा.
सहयोग शिविर में डॉक्टरों ने ग्रामीण महिलाओं को दिया स्वास्थ्य सुझाव
सहयोग शिविर में राज्यवासियों के स्वास्थ्य सुविधा का भी पूरा ख्याल रखा जा रहा है. शिविर में मौजूद डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों की टीम द्वारा ग्रामीणों महिलाओं को जरूरी स्वास्थ्य सुझाव भी दिया गया है. बातचीत करने पर डॉक्टर ने कहा कि सहयोग शिविर में आने वाले सभी लोगों को नि:शुल्क बीपी, सुगर व अन्य जांच की प्रक्रिया की जाती है. इसके अलावा शिविर में आने वाले ग्रामीणों के लिए दवा का प्रबंध भी किया गया है.
भूमि संबंधित हर छोटी जानकारी का सहयोग शिविर में मिल रहा समाधान
सहयोग शिविर में मौजूद भूतनाथ रोड निवासी राजन प्रसाद मंडल ने कहा कि इस शिविर से हम कामकाजी लोगों को काफी सहुलियत मिल रही है. शिविर में भूमि संबंधित हर छोटी-बड़ी जरूरी दस्तावेज के बारे में बताया जाता है. आवासीय भूमि व व्यवसायिक भूमि का मोटेशन, रजिस्ट्रेशन समेत अन्य कई जानकारियों से अवगत कराया जाता है.
विदित हो कि बिहारवासियों की समस्याओं का त्वरित गति से निष्पादन करने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 19 मई 2026 को सारण जिले के सोनपुर प्रखंड स्थित डुमरी बुजुर्ग गांव से सहयेाग शिविर की शुरूआत की थी. यह शिविर प्रत्येक माह के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायतों में आयोजित किये जा रहे हैं. वहीं दूसरे मंगलवार को राज्यस्तरीय शिविर का आयोजन किया जाता है, जिसमें खुद मुख्यमंत्री लोगों की समस्याओं को सुनते हैं.





