BIHAR NEWS : मानसून सत्र से पहले विधायकों की होगी 'सपेशल क्लास',ओम बिरला समेत कई दिग्गज करेंगे संबोधित
पटना: बिहार विधानसभा के आगामी मानसून सत्र से पहले राज्य के विधायकों के लिए गया स्थित बिहार प्रशासनिक सुधार एवं प्रशिक्षण संस्थान (बिपार्ड) में 11 और 12 जुलाई को दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों को संसदीय परंपराओं, विधायी प्रक्रियाओं, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों की बेहतर समझ प्रदान करना है,ताकि वे सदन में अधिक प्रभावी ढंग से अपनी भूमिका निभा सकें।
प्रबोधन कार्यक्रम में देश और राज्य की कई प्रमुख हस्तियां विधायकों को संबोधित करेंगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी तथा वरिष्ठ मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार और विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह भी जनप्रतिनिधियों को संसदीय कार्यप्रणाली और सदन के संचालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम के दौरान विधायकों को प्रश्नकाल, शून्यकाल, विधेयक पेश करने की प्रक्रिया, समितियों की भूमिका, वित्तीय कार्यवाही, संसदीय शिष्टाचार, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की तकनीक और सुशासन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। साथ ही अनुभवी वक्ता अपने संसदीय अनुभव भी साझा करेंगे, जिससे नए और पुराने दोनों विधायकों को लाभ मिलेगा।
राजनीतिक दृष्टि से भी यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि मानसून सत्र से पहले सभी विधायकों को एक साझा मंच पर संसदीय कार्यों के लिए तैयार किया जाएगा। इससे सदन की कार्यवाही अधिक प्रभावी, अनुशासित और रचनात्मक बनने की उम्मीद है। सरकार का मानना है कि प्रशिक्षित और जागरूक जनप्रतिनिधि लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने के साथ-साथ जनता के मुद्दों को भी अधिक प्रभावी ढंग से सदन में उठा सकेंगे।





