BIHAR NEWS : स्पीकर डॉ. प्रेम कुमार ने गया जी में ‘प्रबोधन कार्यक्रम’ में शामिल होने हेतु सभी MLA से की अपील
पटना:बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने दिनांक 11–07–2026 एवं 12–07–2026 को गया जी स्थित बिपार्ड में आयोजित होने वाले‘प्रबोधन कार्यक्रम’में सम्मिलित होने के लिए बिहार विधानसभा के सभी सदस्यों से अपील की.
उन्होंने कहा कि बिहार विधान सभा सचिवालय,प्राईड ( लोक सभा ) एवं बिपार्ड ( बिहार सरकार ) के संयुक्त तत्वावधान में बिपार्ड,गया जी कैंपस में यह‘प्रबोधन कार्यक्रम’आयोजित किया जा रहा है. भारत के उपराष्ट्रपति सी० पी० राधाकृष्णन कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे. बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ( सेवानिवृत ),मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी,उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना,बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह सहित बिहार के उप मुख्यमंत्रीगण,मंत्रीगण एवं अन्य महानुभाव भी कार्यक्रम में शामिल होंगे.
अध्यक्ष ने कहा कि कार्यक्रम से जुड़ी सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं है. प्रबोधन कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में सदस्यों को विधायी कार्यों के विविध पहलुओं से अवगत कराया जायेगा. प्रबोधन कार्यक्रम का उद्देश्य नवनिर्वाचित सदस्यों को संसदीय परंपराओं,विधायी प्रक्रियाओं,संसदीय शिष्टाचार तथा जनहित से जुड़े विषयों की गहन जानकारी उपलब्ध कराना है. मुझे पूरा विश्वास है कि यह कार्यक्रम सदन की कार्यवाही को अधिक प्रभावी,सार्थक एवं गरिमामय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधि के रूप में विधायकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है. ऐसे में प्रबोधन कार्यक्रम के माध्यम से प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव न केवल सदन में उनकी प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करेगा,बल्कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप बेहतर जनसेवा करने में भी सहायक सिद्ध होगा. उन्होंने सभी सदस्यों से आग्रह किया कि वे निर्धारित समय पर प्रबोधन कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसका अधिकतम लाभ उठाएँ तथा बिहार विधान सभा की गौरवशाली परंपरा को और अधिक सुदृढ़ बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें.
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट--





