BIHAR NEWS : फाइनल रिजल्ट में देरी पर फार्मासिस्ट अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन, BTSC अध्यक्ष-सचिव का फूंका पुतला
पटना: बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC)द्वारा डिप्लोमा फार्मासिस्ट के2473पदों के लिए आयोजित नियुक्ति प्रक्रिया का फाइनल रिजल्ट जारी नहीं किए जाने के विरोध में शनिवार को अभ्यर्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया. डिप्लोमा फार्मासिस्ट ऑर्गेनाइजेशन (छात्र संघ),बिहार के बैनर तले बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पीएमसीएच गेट से गांधी मैदान पहुंचे और आयोग के खिलाफ नारेबाजी की.
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक पर बिहार तकनीकी सेवा आयोग के अध्यक्ष एवं सचिव का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया. अभ्यर्थियों का आरोप है कि लंबे समय से फाइनल रिजल्ट लंबित रहने के कारण हजारों युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है.
छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि आयोग को पूर्व में फाइनल रिजल्ट जारी करने के लिए समय दिया गया था,लेकिन इसके बावजूद परिणाम प्रकाशित नहीं किया गया. इससे अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है. उन्होंने आयोग से अविलंब फाइनल रिजल्ट जारी करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब से अभ्यर्थियों को मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने सरकार और आयोग से जल्द हस्तक्षेप कर मामले का समाधान करने की मांग की.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--





