JHARKHAND NEWS : सीएम हेमन्त सोरेन ने पत्नी कल्पना सोरेन के साथ दिउड़ी मंदिर में की पूजा-अर्चना
रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शनिवार को अपनी धर्मपत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन के साथ तमाड़ स्थित प्राचीन शक्तिपीठ सोलहभुजी माँ दिउड़ी मंदिर पहुंचे. मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में माता रानी की विधिवत् पूजा-अर्चना की और समस्त राज्य वासियों की सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की.
मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी विधायक कल्पना सोरेन संग पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार पूजा-अर्चना करते हुए माता रानी के दरबार में मत्था टेक आशीर्वाद लिया. पूजन कार्य धार्मिक पुरोहित मनोज पंडा एवं मुख्य पाहन सुखराम जी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न कराया गया. मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही आस-पास क्षेत्र के ग्रामीणों की भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को अपने बीच पाकर लोग काफी उत्साहित नजर आए.
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने माँ दिउड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत हमारी पहचान है. प्रसिद्ध माँ दिउड़ी मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र है. माँ दिउड़ी मंदिर परिसर आगमन से ही सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.





