Hindi News / PMCH पहुंचा महिला आयोग, महिला डॉक्टर की शिकायत पर शुरु हुई जांच

BIHAR NEWS : PMCH पहुंचा महिला आयोग, महिला डॉक्टर की शिकायत पर शुरु हुई जांच

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना:पीएमसीएच में महिला डॉक्टर के साथ कथित बदसलूकी और जातिसूचक टिप्पणी के मामले ने तूल पकड़ लिया है. शिकायत मिलने के बाद बिहार राज्य महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए बुधवार को पीएमसीएच पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया. आयोग की अध्यक्ष एवं सदस्यीय टीम ने अस्पताल परिसर में पहुंचकर मामले से संबंधित तथ्यों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक निर्देश दिए.

महिला आयोग की टीम ने शिकायत से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की तथा अस्पताल प्रशासन से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी. आयोग ने स्पष्ट किया कि शिकायत के हर पहलू की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी.

मामले में महिला डॉक्टर विनिता चौधरी ने सह प्राध्यापक डॉ. सरफराज अहमद पर अभद्र व्यवहार,जातिसूचक टिप्पणी करने,धक्का देने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत के बाद अस्पताल प्रशासन भी सक्रिय हो गया है.

पीएमसीएच प्रशासन ने मामले की जांच के लिए सात सदस्यीय समिति का गठन किया है. स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ. गीता सिन्हा को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है. समिति की पहली बैठक में शिकायतकर्ता और आरोपी डॉक्टर का बयान दर्ज किया जाएगा,जिसके बाद जांच प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

इस बीच अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए प्रशासन से जांच रिपोर्ट और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी है. महिला आयोग के हस्तक्षेप और अस्पताल प्रशासन द्वारा गठित जांच समिति के बाद अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है.

महिला आयोग ने कहा है कि कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शिकायत के निष्पक्ष निष्पादन के लिए आयोग पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--