BIHAR NEWS : असरफ अंसारी को MLC प्रत्याशी बनाए जाने पर भावुक हुए चिराग पासवान, बोले- कार्यकर्ताओं का सम्मान ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता
पटना: बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष असरफ अंसारी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी प्रमुख चिराग पासवान ने भावुक पोस्ट साझा किया है. उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान उनके लिए सर्वोपरि है और संगठन की असली ताकत जमीनी कार्यकर्ताओं की निष्ठा एवं मेहनत में निहित है.
चिराग पासवान ने अपने पोस्ट में लिखा कि विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने श्रद्धेय रामविलास पासवान के आदर्शों और सिद्धांतों को मजबूती से आगे बढ़ाया. बिना किसी व्यक्तिगत आकांक्षा के कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा और संघर्ष को बिहार के कोने-कोने तक पहुंचाने का काम किया है.
उन्होंने असरफ अंसारी के परिवार से अपने पुराने संबंधों को भी याद किया. चिराग पासवान ने कहा कि वर्ष 2013 में जब तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय रामविलास पासवान ने उन्हें केंद्रीय संसदीय बोर्ड की जिम्मेदारी देकर बिहार भेजा था,तब असरफ अंसारी के पूजनीय पिता ने भभुआ में एक सफल कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें राजनीतिक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
चिराग ने कहा कि आज असरफ अंसारी को विधान परिषद का प्रत्याशी बनाया जाना उनके लिए सम्मान और गर्व का विषय है.
उन्होंने इसे केवल एक राजनीतिक निर्णय नहीं बल्कि समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक बताया.
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि यह फैसला हर उस कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा है,जो निस्वार्थ भाव से संगठन की सेवा कर रहा है. यह निर्णय स्पष्ट संदेश देता है कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) में संघर्ष,समर्पण और निष्ठा का सम्मान किया जाता है तथा जमीनी कार्यकर्ताओं को सर्वोच्च स्थान दिया जाता है.
पोस्ट के अंत में चिराग पासवान ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी हैं और उनका सम्मान ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. यही पार्टी की राजनीति और प्रतिबद्धता की मूल भावना है.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--





