Hindi News / सरकारी शिक्षकों की होगी गुप्त डिजिटल मॉनिटरिंग,नवंबर से शुरू होगी व्यवस्था

BIHAR NEWS : सरकारी शिक्षकों की होगी गुप्त डिजिटल मॉनिटरिंग,नवंबर से शुरू होगी व्यवस्था

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना: बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के पढ़ाने के तरीके की अब डिजिटल और गुप्त मॉनिटरिंग की जाएगी। शिक्षा विभाग नवंबर से इस नई व्यवस्था को लागू करने की तैयारी में है। इसके लिए एक विशेष डिजिटल डैशबोर्ड तैयार किया जा रहा है, जिसके माध्यम से स्कूलों में शिक्षकों की कार्यशैली और कक्षा में पढ़ाई की स्थिति की रिपोर्ट सीधे शिक्षा विभाग तक पहुंचेगी।

शिक्षा विभाग के मुताबिक, शिक्षक कक्षा में क्या पढ़ा रहे हैं और किस तरीके से पढ़ा रहे हैं, इसकी जानकारी मॉनिटरिंग सिस्टम में दर्ज की जाएगी। इसके लिए तबादला प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपलब्ध होने वाले अतिरिक्त शिक्षकों का चयन किया जाएगा। इन शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण देकर मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

मॉनिटरिंग करने वाले शिक्षक अपने जिले से बाहर के स्कूलों का दौरा करेंगे। एक दिन में एक शिक्षक को तीन स्कूलों का निरीक्षण करना होगा। खास बात यह है कि जिस स्कूल का निरीक्षण किया जाना है, उसे पहले से इसकी जानकारी नहीं दी जाएगी। इससे मॉनिटरिंग को अधिक प्रभावी और वास्तविक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

शिक्षा विभाग ने रिपोर्ट की विश्वसनीयता जांचने के लिए काउंटर चेक की व्यवस्था भी तय की है। किसी स्कूल की पहली रिपोर्ट के बाद दूसरे शिक्षक को उसी विद्यालय में भेजा जाएगा। दोनों रिपोर्टों का मिलान किया जाएगा। इसके साथ ही यह भी देखा जाएगा कि कक्षा में बच्चे सवाल पूछ रहे हैं या नहीं और शिक्षक की पढ़ाने की प्रक्रिया कैसी है।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के अनुसार, पूरी व्यवस्था आईटी सिस्टम के माध्यम से संचालित होगी। नवंबर तक सिस्टम तैयार करने का लक्ष्य है। इसके बाद शिक्षा मंत्री और विभागीय अधिकारी डैशबोर्ड के जरिए रिपोर्ट की नियमित समीक्षा करेंगे। लापरवाही और पढ़ाई की गुणवत्ता में कमी पर कार्रवाई की दिशा में भी यह व्यवस्था महत्वपूर्ण मानी जा रही है।