BIHAR NEWS : बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता मनोज बाजपेयी ने बिहार म्यूजियम का किया भ्रमण

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और बिहार के गौरव,पद्मश्री से सम्मानित मनोज बाजपेयी ने मंगलवार को कला एवं संस्कृति विभाग के अंतर्गत स्थित बिहार म्यूजियम का भ्रमण किया. इस अवसर पर उन्होंने संग्रहालय में प्रदर्शित बिहार की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को नज़दीक से देखा और उसकी खुलकर सराहना की.

भ्रमण के दौरान मनोज बाजपेयी ने पाषाण काल,पूर्व पाषाण काल,मौर्य और गुप्त काल से लेकर मुगल काल तक की दुर्लभ और बहुमूल्य कलाकृतियों को देखा.

उन्होंने संग्रहालय में प्रदर्शित मूर्तियों,शिल्प,चित्रकला और ऐतिहासिक अवशेषों में विशेष रुचि दिखाई और इन्हें बिहार की गौरवशाली विरासत का जीवंत प्रमाण बताया.

अभिनेता मनोज बाजपेयी ने कहा कि बिहार म्यूजियम जैसी खूबसूरत और समृद्ध जगह को देखने में उन्हें देर हो गई,जिसका उन्हें अफसोस है.

उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय न केवल बिहार,बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती देता है और नई पीढ़ी को अपने इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है.

इस अवसर पर बिहार म्यूजियम के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह और कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार भी उपस्थित रहे. उन्होंने अभिनेता को संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं,संरचनात्मक विशेषताओं और ऐतिहासिक महत्व से विस्तार से अवगत कराया.

मनोज बाजपेयी के इस भ्रमण को बिहार की कला,संस्कृति और पर्यटन के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है. उनके इस दौरे से बिहार म्यूजियम को राष्ट्रीय स्तर पर और पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--