BIHAR NEWS : बिहार हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना से पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान - मुख्यमंत्री
पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' सभागार में मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 का शुभारंभ किया.
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार अब केवल इतिहास और आस्था की भूमि नहीं,बल्कि आधुनिक पर्यटन का एक सशक्त केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. बिहार को पर्यटन के विश्व मानचित्र पर स्थापित करना है. यह योजना राज्य के पर्यटन क्षेत्र में नए युग की शुरुआत करेगी तथा आम नागरिकों को किफायती दरों पर हवाई पर्यटन की सुविधा उपलब्ध कराएगी. उन्होंने कहा कि बिहार भगवान बुद्ध,भगवान महावीर,विश्वविख्यात नालंदा विश्वविद्यालय और प्राचीन मगध साम्राज्य जैसी महान सभ्यता और संस्कृति का केंद्र रहा है. राज्य सरकार का उद्देश्य इन ऐतिहासिक,धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना तथा अधिक से अधिक पर्यटकों को बिहार की ओर आकर्षित करना है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री बिहार हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 के तहत पटना,राजगीर,वाल्मीकिनगर और कैमूर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. सरकार द्वारा प्रति टिकट पर्याप्त अनुदान दिए जाने से यह सुविधा आम लोगों की पहुंच में होगी. 13 जुलाई 2026 से बुकिंग प्रारंभ होगी तथा 18 जुलाई 2026 से प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को नियमित हेलीकॉप्टर सेवाओं का संचालन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग से आग्रह है कि वे एयर टूरिज्म का और विस्तार करें,इसके लिए निजी हितधारकों को भी इससे जोड़ें.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन केवल भ्रमण का माध्यम नहीं,बल्कि रोजगार,निवेश और आर्थिक विकास का मजबूत आधार है. राज्य सरकार होम स्टे,स्थानीय हस्तशिल्प,लोक संस्कृति,स्थानीय व्यंजनों तथा ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देकर गांव-गांव तक पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है,जिससे युवाओं और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार का प्रत्येक नागरिक राज्य का सबसे बड़ा ब्रांड एंबेसडर है. उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि वे अपने व्यवहार,आतिथ्य और बिहार की समृद्ध संस्कृति,विरासत एवं पर्यटन स्थलों का सकारात्मक प्रचार-प्रसार करें. जब बिहार का हर नागरिक पर्यटन का दूत बनेगा,तब राज्य की पहचान देश और दुनिया में और अधिक मजबूत होगी तथा पर्यटन क्षेत्र नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार पर्यटन अवसंरचना को विश्वस्तरीय बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है. नए पर्यटन सर्किट विकसित किए जा रहे हैं. पटना में दो बड़े होटल बनाये जा रहे हैं जिससे अच्छी रॉयलिटी मिलनेवाली है. भगवान बुद्ध से जुड़े स्थल राजगीर और बोध गया,भगवान महावीर से जुड़े लछुआर और वैशाली,सोनपुर में विराजमान बाबा हरिहरनाथ,माँ मुण्डेश्वरी माता का मंदिर सहित हमारी धार्मिक विरासत,वाल्मीकिनगर,भीमबांध जंगल,नालंदा विश्वविद्यालय,मगध का स्वर्णिम अतीत सहित हमारी सभ्यता संस्कृति को देश दुनिया को दिखाना है. बिहार दर्शन कराना है. बिहार म्यूजियम देश का सबसे अच्छा म्यूयिम है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इसे देखा है. बापू टॉवर को भी बाहर से आनेवाले लोग देखते हैं और इसकी प्रशंसा करते हैं. देश के किसी प्रदेश में इतनी अच्छी ग्रामीण सड़कें नहीं हैं,जितनी बिहार में हैं. हमारा गांव सड़क,बिजली,पानी सहित बुनियादी सुविधाओं से लैस है. जे०पी० गंगा पथ से सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर तक रोप-वे की परिकल्पना की जा रही है. पर्यटन क्षेत्र में निजी निवेश को बढ़ावा देने के लिए पी०पी०पी० मॉडल को प्रोत्साहित किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के'विकसित भारत'के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के'समृद्ध बिहार'बनाने के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बिहार हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 राज्य के पर्यटन क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगी तथा बिहार को देश के अग्रणी पर्यटन राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने के साथ-साथ रोजगार,निवेश और समग्र आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करेगी.
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार पर्यटन नीति 2023 के अन्तर्गत हितधारकों को डमी चेक तथा मुख्यमंत्री होम स्टे प्रोत्साहन योजना के तहत विभिन्न लाभुकों को प्रमाण पत्र प्रदान किया.
कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी,उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव,पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता एवं पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने भी संबोधित किया.
कार्यक्रम के दौरान पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया.
इस अवसर पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत,मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह,सिविल विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचन्द्र देवरे,पर्यटन विभाग के निदेशक उदयन मिश्रा,बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण,हितधारकगण,लाभार्थी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





