BIHAR NEWS : बिहार कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय को मिला प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक अवार्ड-2026
पटना :बिहार की कृषि और उद्यानिकी क्षेत्र में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है. राज्य के कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय को मखाना वैल्यू चेन के लिए गोल्डन पीकॉक इनोवेटिव प्रोडक्ट/सर्विस अवॉर्ड-2026 मिला है.
यह पुरस्कार इंस्टीट्यूट ऑफ डायरेक्टर्स (आईओडी) के द्वारा दिया जाता है. संस्था की ओर से 4 अप्रैल 2026 को जारी पत्र में इसकी जानकारी दी गई है. इस पुरस्कार का निर्णय भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस उदय यू. ललित की अध्यक्षता वाली एक प्रतिष्ठित जूरी ने किया है.
राज्य में मखाना वैल्यू चेन का तेजी से विकास हुआ है. कृषि विभाग का उद्यान निदेशालय इसके लिए लगातार प्रयास कर रहा है. ऐसे में यह पुरस्कार उद्यान निदेशालय के कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मददगार साबित होगा.
मखाना बन रहा‘ब्रांड बिहार’का नया चेहरा
बिहार देश का लगभग 85 प्रतिशत मखाना (फॉक्स नट) उत्पादन करता है. कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय ने अपने प्रयास से मखाना के उत्पादन,प्रसंस्करण,ब्रांडिंग,पैकेजिंग और निर्यात की पूरी वैल्यू चेन को मजबूत करने में कामयाबी पाई है. इस प्रयास से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है,गुणवत्ता मानकों में सुधार आया है. अब बिहार का मखाना राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक मजबूत ब्रांड के रूप में उभर रहा है.
उद्यान निदेशालय के निदेशक अभिषेक कुमार को इस पुरस्कार से सम्मानित होने के लिए पत्र भेजा गया है. पत्र में आईओडी के डायरेक्टर जनरल डॉ. वी.के. अग्निहोत्री,आईएएस (रिटायर्ड) ने निदेशालय की पूरी टीम को बधाई दी है और सस्टेनेबिलिटी व उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की.
नई दिल्ली में मिलेगी अवार्ड की ट्राफी
बिहार के उद्यान निदेशालय ने गोल्डन पीकॉक अवार्ड प्राप्त करने को लेकर बने कठोर मानकों को पूरा किया है. अब इस अवार्ड की ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र जल्द ही नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में दी जाएगी.
यह सम्मान बिहार सरकार के उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की निरंतर सफलता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देता है. मखाना के अलावा राज्य की अन्य फसलों और हॉर्टिकल्चर प्रोडक्ट्स को भी इसी तर्ज पर मजबूत बनाने की दिशा में काम चल रहा है.
“उद्यान निदेशालय को मिला गोल्डन पीकॉक अवार्ड-2026 बिहार के किसानों की मेहनत, सरकार की दूरदर्शी नीति और टीमवर्क का परिणाम है. ‘ब्रांड बिहार’ के रूप में मखाना देश-विदेश में पहचान बना रहा है. राज्य सरकार उत्पादन से निर्यात तक पूरी वैल्यू चेन मजबूत कर किसानों की आय बढ़ा रही है. यह सम्मान हमें और बेहतर करने की प्रेरणा देता है.”





