समस्तीपुर के रोसरा में बड़ा हादसा : करेंह नदी में एक ही परिवार के 3 सगे भाइयों की डूबने से मौत, परिवार में मातम
रोसड़ा (समस्तीपुर) :बड़ी खबर बिहार के समस्तीपुर से सटे रोसड़ा की है जहां शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के बोरज गांव में सोमवार दोपहर करेंह नदी में नहाने के दौरान एक ही परिवार के तीन सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई.घटना के बाद परिवार के बीच कोहराम मच गया.
जानकारी के मुताबिक बोरज गांव के सुदर्शन झा अपने तीनों पुत्रों के साथ पास के करेह नदी में नहाने गए थे. उसी दौरान बड़ा पुत्र 17 वर्षीय आदित्य कुमार गहरे पानी में चला गया. बड़े भाई को डूबता देख अन्य दोनों भाई और पीड़ित पिता सुदर्शन झा बचाने के लिए पानी में आगे बढ़े. लेकिन उसी दौरान तीनों भाई गहरे पानी में चले जाने से डूब गए. तीनों पुत्र को डूबता देख शोर मचाते हुए पीड़ित पिता गहरे पानी से बाहर निकल गांव पहुंच कर स्थानीय लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दिया. इसके बाद स्थानीय मल्लाह और शिवाजीनगर पुलिस प्रशासन के सहयोग से बड़ा भाई 17 वर्षीय आदित्य कुमार को बाहर निकाला गया. जिसे पास के बहेरी अस्पताल ले जाया गया लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मृतक आदित्य कुमार के शव को गांव लाया गया. इधर घटना के कुछ देर बाद ही छोटा भाई 13 वर्षीय कार्तिक कुमार झा को भी नदी से बाहर निकाला गया और बेहतर इलाज के लिए शिवाजीनगर पीएचसी अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल के डाक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए उसे समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया जहां डाक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया. वहीं मझिले भाई 15 वर्षीय हर्ष कुमार का शाम तक खोजबीन जारी था. शाम करीब पांच बजे के समीप तीसरे मझिला भाई हर्ष झा का भी शव नदी से बाहर निकाला गया. इधर सूचना मिलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ी हुई थी. इस तरह एक ही परिवार के तीन बच्चों की डूबने से मौत की खबर परिवार में मिलते ही कोहराम मच गया. घटना के बाद से पीड़ित पिता सुदर्शन झा और पीड़ित मां आशा देवी का रो रो कर बुरा हाल था.
स्थानीय लोगों ने बताया कि तीनों बच्चे अपने माता-पिता के साथ दिल्ली में रहते थे. पिता सुदर्शन झा दिल्ली में रहकर गार्ड का काम करते हैं. पिछले 23 मार्च को दिल्ली से रामनवमी पर्व के लिए गांव आए थे. पुनः मंगलवार को दिल्ली जाने वाले थे. इधर घटना के बाद शिवाजीनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार,प्रभारी अंचलाधिकारी खानपुर मनीष कुमार वीडियो आलोक कुमार सिंह,सहित छेत्र के जनप्रतिनिधि घटना स्थल पहुंच पीड़ित परिवार को सहायता करते हुए स्थानीय मल्लाह और गोताखोर के सहयोग से तीनों भाइयों के शव को बाहर निकाला गया. इधर घटना के बाद पंचायत के गणमान्य लोग और जनप्रतिनिधि लोग परिवार को ढांढस दिलाने में लगे हुए थे. शिवाजीनगर प्रभारी अंचलाधिकारी मनीष कुमार और शिवाजी नगर थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि बरियाही घाट पुल के समीप करेह नदी में तीन बच्चों की डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के साथ सभी प्रशासन घटनास्थल पहुंचे. तीनों बच्चों के शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है. सरकार के उपलब्ध कराए गए जो भी सहायता राशि दी जाती है वो पीड़ित परिवार को देने के लिए सभी प्रक्रिया की जा रही है.
रोसरा से रंजीत मिश्रा की रिपोर्ट--





