BIHAR NEWS : बिहार पुलिस में बड़ा विस्तार, 2027 तक डेढ़ लाख होगा पुलिस बल
पटना: बिहार पुलिस को आने वाले समय में और मजबूत करने की तैयारी है. वर्ष2027तक राज्य में पुलिस बल की संख्या करीब डेढ़ लाख पहुंचने की उम्मीद है. फिलहाल बिहार में करीब1.21लाख पुलिसकर्मी कार्यरत हैं. अगले वर्ष तक करीब40हजार नए सिपाहियों के जुड़ने से पुलिस बल में बड़ा इजाफा होगा.
अगस्त2026में ही19,596सिपाहियों का प्रशिक्षण शुरू किया गया है. इसके अलावा करीब20हजार नए सिपाहियों की बहाली की प्रक्रिया भी चल रही है. दोनों चरणों में करीब40हजार सिपाही पुलिस बल का हिस्सा बनेंगे.
पुलिस बल बढ़ने से राज्य में पुलिस-पब्लिक अनुपात में भी सुधार होने की उम्मीद है. वर्तमान में राष्ट्रीय स्तर पर प्रति एक लाख आबादी पर औसतन153पुलिसकर्मी हैं,जबकि बिहार में यह संख्या करीब80के आसपास है.
डीजीपी विनय कुमार के अनुसार बिहार पुलिस को हर स्तर पर सशक्त बनाने की दिशा में काम चल रहा है. नए सिपाहियों की भर्ती के साथ उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है.
वर्तमान में16,656जिला पुलिस के सिपाहियों और2,940बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के सिपाहियों का प्रशिक्षण चल रहा है. राज्य के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों के अलावा सीआरपीएफ और एसएसबी के प्रशिक्षण केंद्रों में भी सिपाहियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है.
प्रशिक्षण में योग, पीटी, ड्रिल, हथियार संचालन, फायरिंग, दंगा नियंत्रण, प्राथमिक उपचार, विस्फोटक पदार्थों की जानकारी, मैप रीडिंग, भारतीय न्याय संहिता, यातायात, पुलिस संचार और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल जैसी विधाओं को शामिल किया गया है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





