BIHAR NEWS : नवनियुक्त महाधिवक्ता एस डी संजय का पटना HC के एडवोकेट्स एसोसिएशन द्वारा किया गया अभिनंदन
Patna : पटना हाईकोर्ट के एडवोकेट्स एसोसिएशन द्वारा राज्य सरकार के नव नियुक्त महाधिवक्ता एस डी संजय का अभिनंदन किया गया। अभिनंदन समारोह एडवोकेट्स एसोसिएशन के मेन हॉल में अपराह्न में आयोजित किया गया था।
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि आज बहुत खुशी की बात है कि हमलोगों के बीच के वरीय वकील श्री एस डी संजय जी महाधिवक्ता के पद को सुशोभित कर रहे हैं। ये पूरे बिहार के वकीलों के लिए बड़े ही गर्व की बात है। इस मौके पर श्री मिश्रा ने यह भी कहा कि वकीलों के कल्याणार्थ इसी मानसून सत्र में एडवोकेट्स एक्ट में संशोधन होने जा रहा है,जिसमें यह बार काउंसिल के लिए यह अनिवार्य किया गया है,कि बार काउंसिल इन्सुरेंस और मेडिक्लेम के लिए फण्ड बना कर इसे लागू करे।
इस मौके पर राज्य सरकार के महाधिवक्ता एस डी संजय ने कहा कि करीब दिल्ली में पौने दो साल रहने के बाद अपनी धरती पर राज्य में सेवा करने वापस हाई कोर्ट आया हूं। उन्होंने कहा कि पूरी पारदर्शिता से सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व मिले इस दिशा में वे सरकारी वकीलों की बहाली के लिए काम करेंगे।
उन्होंने महिला वकीलों को लेकर महिला वकीलों को उचित प्रतिनिधित्व देने की बात कही। साथ ही लॉ ऑफिसर की बहाली में सभी लॉ ऑफिसर को एक महिला वकील सहायक वकील के तौर पर रखने की शर्त बताई।
इस मौके पर स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष रमाकांत शर्मा ने कहा कि अधिवक्ताओं की अपेक्षा को महाधिवक्ता पूरा करेंगे। उन्होंने एडवोकेट्स एसोसिएशन हॉल को राजेन्द्र बाबू के नाम पर करने की बात कही।
इस.कार्यक्रम को एडवोकेट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश चंद्र वर्मा, महासचिव जयशंकर प्रसाद सिंह समेत अन्य ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में लॉयर्स एसोसिएशन के महासचिव राजीव कुमार सिंह भी मौजूद थे।
पटना से आनंद वर्मा की रिपोर्ट-





