Hindi News / राजद के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी भाजपा में होंगे शामिल, पिछले दिनों...

BIHAR NEWS : राजद के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी भाजपा में होंगे शामिल, पिछले दिनों पार्टी से दिया था इस्तीफा

Edited By:  |
bihar news bihar news

पटना:बिहार की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया है.अब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने जा रहे हैं. करीब 20 वर्षों तक राजद में सक्रिय रहे मृत्युंजय तिवारी का यह फैसला बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले विपक्षी दल के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है.

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित सदस्यता समारोह में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे. मृत्युंजय तिवारी ने स्वयं मीडिया से बातचीत में भाजपा में शामिल होने की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि लंबे समय से पार्टी में उनकी बातों और सुझावों को नजरअंदाज किया जा रहा था,जिसके कारण उन्होंने राजद छोड़ने का निर्णय लिया.

मृत्युंजय तिवारी ने आरोप लगाया कि उन्होंने दो दशकों तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी के लिए काम किया,लेकिन बदले में लगातार उपेक्षा का सामना करना पड़ा. उनका कहना है कि राजद में कार्यकर्ताओं की आवाज सुनने की परंपरा कमजोर होती जा रही है और वरिष्ठ नेतृत्व तक उनकी बात नहीं पहुंच रही थी.

गौरतलब है कि उन्होंने 16 जुलाई को राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था. उस समय उनसे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के लौटने तक इंतजार करने का आग्रह किया गया था. बाद में उन्होंने वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी से भी मुलाकात की,लेकिन पार्टी उन्हें मनाने में सफल नहीं हो सकी.

ऐसे समय में जब बिहार विधानसभा के मानसून सत्र का अंतिम दिन राजनीतिक रूप से गर्म है और बांकीपुर उपचुनाव की तैयारियां तेज है,मृत्युंजय तिवारी का भाजपा में जाना राज्य की राजनीति में नई चर्चा का विषय बन गया है. राजनीतिक जानकार इसे आगामी चुनावी समीकरणों पर असर डालने वाला घटनाक्रम मान रहे हैं.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--