BIHAR NEWS : महिला सशक्तीकरण में बिहार देश में अग्रणी - उप-मुख्यमंत्री
पटना : एनडीए सरकार ने बिहार में महिलाओं को शिक्षित बनाने के साथ आर्थिक स्वावलंबन प्रदान करने में सबसे ज्यादा काम किया है. महिलाओं को हर तरह से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए किए गए तमाम प्रयासों में बिहार देश का अग्रणी राज्य है. देश में महिला सशक्तीकरण का जनक पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमाऱ को माना जाएगा. ये बातें उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कही. उन्होंने कहा कि बिहार में इसकी शुरुआत स्कूली बच्चियों को साइकिल, पोशाक वितरण, कन्या उत्थान योजना से हुई और यह सिलसिला आज यहां तक पहुंच गया.
उप-मुख्यमंत्री चौधरी बुधवार को पटना के गांधी मैदान के पास स्थित ज्ञान भवन में पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड) के लिए 4700 स्कूटर एवं मोटरसाइकिल लोकार्पण एवं फ्लैग ऑफ समारोह को संबोधित कर रहे थे. पुलिस दीदी को 2700 स्कूटर और पुरुष सिपाहियों के बीच 2 हजार मोटरसाइकिल का वितरण मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया. उन्होंने कहा कि बिहार की पुलिस दीदी को अधिक सशक्त बनाने में स्कूटी की भूमिका बेहद अहम साबित होगी. किसी घटना की सूचना मिलने पर इन्हें वहां तक पहुंचने में काफी कम समय लगेगा. पुलिस की गति तेज होगी. स्कूल एवं कॉलेज के पास इस ब्रिगेड की तैनाती से सुरक्षा का माहौल बनेगा.
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि आज देश में महिला सशक्तीकरण का अनुसरण हो रहा है. महिला उत्थान और विकास के लिए जिस मुहिम की शुरुआत नीतीश कुमार ने की थी, उन्हें और गति देने का काम मौजूदा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कर रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री की खिंची लाइन को आगे बढ़ाते हुए ही पीएचडी बालिका फेलोशिप योजना की शुरुआत की जा रही है. इसके तहत पीएचडी करने वाली करीब 1 हजार लड़की या महिलाओं को 4 वर्षों तक 10 हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता प्रदान की जाएगी. उन्होंने कहा कि पिछली योजनाओं का असर अब साफतौर पर दिखने लगा है. राज्य का जेंडर पैरिटी इंडेक्स (शिक्षा के विभिन्न स्तर में नामांकित लड़कियों की संख्या का लड़कों की संख्या से अनुपात) राष्ट्रीय औसत से आगे हो गया है.
उप-मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि रक्षाबंधन पर महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए किसी राज्य में इस तरह का कार्यक्रम नहीं हुआ. महिलाओं को शिक्षित करने,उनकी आय बढ़ाने,सशक्तीकरण तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए कई स्तर से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं.
कार्यक्रम में स्वागत संबोधन करते हुए गृह विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने कहा कि रक्षाबंधन के मौके पर अभया ब्रिगेड को स्कूटी प्रदान करना नई पहल है. यह पुलिस तंत्र और महिलाओं में सुरक्षा भावना बढ़ाने में अहम योगदान निभाएगा. महिलाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और हमेशा रही है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं के लिए अनेक कार्य किए हैं. राजनैतिक,आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में अनेक कार्य हुए हैं.
इस कार्यक्रम के दौरान डीजीपी विनय कुमार समेत अन्य अधिकारियों को एडीजी (विधि-व्यवस्था) के सुहिता अनुपम ने पौधा और प्रतीक चिह्न देकर स्वागत किया.
पुलिस दीदी ने साझा किए अनुभव,मुख्यमंत्री को भईया बोल बांधी राखी
कार्यक्रम के दौरान दो पुलिस दीदी रूचि कुमारी और रीमा कुमारी ने अपने अनुभव साझा किए. रीमा कुमारी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं या बालिकाओं के लिए क्या कुछ नहीं किया. स्कूल में शिक्षा,पोशाक,साइकिल देकर पढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान किया. इसी की बदौलत आज वे सिपाही बन पाई. रीमा कुमारी ने अपनी भावनाएं प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या मैं आपको भईया कह सकती हूं. अब मेरे भईया हैं और मैं आपको राखी बांधना चाहती हूं. मुख्यमंत्री की सहमति के बाद मंच पर बैठे मुख्यमंत्री अपने स्थान पर खड़े हो गए और पहले रीमा कुमारी ने उन्हें राखी बांधी. इसके बाद पटना जिला बल में तैनात रूचि कुमारी ने भी उन्हें राखी बांधी. अपने अनुभव साझा करते हुए संबोधन की शुरुआत“प्रणाम सर”कहते हुए की. कहा कि स्कूटी मिलने से अधिक दूरी तक गश्ती कर सकती हैं. पहले100मीटर तक ही गश्ती हो पाती थी. अब स्कूल,कॉलेज समेत अन्य स्थानों पर चौकसी रखने में काफी मदद मिलेगी.





