BIHAR NEWS : BPSC चयन के बाद राजस्व सेवा के 9 अधिकारियों का इस्तीफा मंजूर, कई जिलों में रिक्त होंगे राजस्व अधिकारियों के पद
पटना:बिहार राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने बिहार राजस्व सेवा के नौ अधिकारियों के त्यागपत्र को मंजूरी दे दी है. इन अधिकारियों का चयन बिहार लोक सेवा आयोग यानीBPSCकी परीक्षा के माध्यम से राज्य की अलग-अलग सेवाओं में हुआ है. दूसरी सरकारी सेवाओं में चयन के बाद अधिकारियों ने राजस्व सेवा से इस्तीफा दिया था,जिसे विभाग ने अब स्वीकार कर लिया है.
त्यागपत्र स्वीकार होने के बाद राजस्व विभाग में इन अधिकारियों के पद रिक्त हो गए हैं. विभाग अब खाली हुए पदों को नए अधिकारियों से भरने की तैयारी में जुट गया है. इससे राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के कामकाज में अधिकारियों की कमी को दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
जानकारी के अनुसार,सबसे अधिक चार पद मधुबनी जिले में रिक्त हुए हैं. मधुबनी जिले के खजौली के राजस्व अधिकारी महेंद्र कुमार का चयन बिहार पुलिस सेवा में हुआ है. अब वह आरक्षी उपाधीक्षक के पद पर योगदान देंगे. इसी तरह अन्य अधिकारियों का भीBPSCके माध्यम से अलग-अलग सेवाओं में चयन हुआ है.
विभाग की ओर से अलग-अलग तिथियों में प्राप्त इस्तीफों की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अब रिक्त पदों पर नियुक्ति की दिशा में कार्रवाई शुरू की जा रही है. अधिकारियों के दूसरी सेवाओं में जाने से जहां राजस्व सेवा में नए अधिकारियों के लिए अवसर बनेंगे,वहीं संबंधित जिलों में रिक्त पदों को जल्द भरना विभाग के लिए प्राथमिकता होगी.
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के स्तर से रिक्त पदों का विवरण तैयार कर आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





