BIHAR NEWS : रामनवमी पर मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने दी राज्यवासियों को बधाई, राम को बताया राष्ट्रीय एकता का प्रतीक
पटना: बिहार के कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने प्रदेशवासियों को'राम नवमी'के पावन अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है. अपने संदेश में मंत्री ने प्रभु श्री राम को भारतीय राष्ट्रवाद और अटूट मर्यादा का सर्वोच्च आदर्श बताया.
मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा है कि बिहार की इस पावन धरती का प्रभु श्री राम के जीवन से गहरा आध्यात्मिक संबंध रहा है. उन्होंने कहा, "प्रभु श्री राम केवल आस्था के केंद्र नहीं,बल्कि हमारे राष्ट्र की एकता और अखंडता के आधार स्तंभ हैं. उनका जीवन हमें सिखाता है कि किस प्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी धर्म और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा जाता है."
मंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि आज का युवा वर्ग प्रभु राम के चरित्र से राष्ट्रभक्ति और अनुशासन की सीख ले रहा है. उन्होंने कहा कि कला एवं संस्कृति विभाग प्रदेश की समृद्ध विरासत को सहेजने और राम-युगीन सांस्कृतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं,वहीं पर्यटन विभाग भी बिहार में प्रभु श्री राम से जुड़े स्थलों को रामायण सर्किट से जोड़कर उनके विकास के लिए कटिबद्ध है.
मंत्री जी का संदेश:
"रामनवमी का यह पर्व हमें एक ऐसे समाज के निर्माण की प्रेरणा देता है जो भयमुक्त,न्यायपूर्ण और सांस्कृतिक रूप से सुदृढ़ हो. आइए,हम सब मिलकर भगवान राम के दिखाए मार्ग पर चलते हुए आत्मनिर्भर बिहार और समर्थ भारत के निर्माण का संकल्प लें."
उन्होंने प्रदेश की जनता के सुख,समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना करते हुए सभी से शांति और सौहार्द के साथ इस उत्सव को मनाने की अपील की है.
पटना से अंकिता की रिपोर्ट--





