बिहार में उद्योगों के विस्तार की बड़ी तैयारी : 24 जिलों में जमीन अधिग्रहण, दस जिलों में 4200 एकड़ से अधिक जमीन पर प्रक्रिया तेज
पटना:बिहार में औद्योगिक विकास को रफ्तार देने के लिए राज्य सरकार ने जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने 24 जिलों में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए जमीन अधिग्रहण का निर्णय लिया है. इनमें से 10 जिलों में प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 4200 एकड़ से अधिक जमीन अधिग्रहित की जाएगी.
गया,मुजफ्फरपुर,वैशाली,मधुबनी और भागलपुर समेत कई जिलों में औद्योगिक इकाइयों के लिए जमीन जुटाई जा रही है. विभाग ने संबंधित जिलों में अधिग्रहण का रकबा तय कर अधियाचना भेज दी है. सामाजिक प्रभाव अध्ययन भी पूरा हो चुका है और कई जगह जमीन अधिग्रहण की अधिसूचना जारी की जा चुकी है.
भागलपुर और दरभंगा में अधिसूचना जारी होने के 60 दिन बाद अधिघोषणा की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है. इसके बाद संबंधित रैयतों की जमीन की पहचान कर पंचाट तैयार किया जाएगा. फिर मुआवजे का भुगतान और जमीन का दखल-कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू होगी.
अन्य 14 जिलों में भी अधिग्रहण की कार्रवाई तेजी से चल रही है. इनमें बेगूसराय में 991 एकड़,पटना में 742 एकड़,मधेपुरा में 548.87 एकड़,नालंदा में 524.95 एकड़,सीतामढ़ी में 504.52 एकड़ और सुपौल में 498 एकड़ जमीन शामिल है.
वहीं वैशाली में सबसे अधिक 1234.45 एकड़,मधुबनी में 712.94 एकड़ और मुजफ्फरपुर में 700 एकड़ जमीन औद्योगिक उपयोग के लिए अधिग्रहित की जानी है. सरकार की योजना से इन क्षेत्रों में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने और निवेश व रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-





