बिहार BJP नेताओं ने कुंभ में लगाई डुबकी : प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और मंगल पाण्डेय ने संगम में किया स्नान, संस्कृति और परंपरा से जुड़ाव का दिया संदेश
![Bihar BJP BJP leaders take dip in Kumbh](https://cms.kashishnews.com/Media/2025/February/11-Feb/CoverImage/COimg488ed19ab0d44f6190ffa7e09c359c5f39.jpg)
![Bihar BJP BJP leaders take dip in Kumbh](https://cms.kashishnews.com/Media/2025/February/11-Feb/CoverImage/COimg488ed19ab0d44f6190ffa7e09c359c5f39.jpg)
प्रयागराज :कुंभ मेले में आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करते हुए बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने अपने स्वजन के साथ पवित्र संगम में डुबकी लगाई। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी इस पुण्य अवसर का हिस्सा बने।
भाजपा के क्षेत्रीय सह संगठन महामंत्री नागेन्द्र जी, संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, प्रदेश प्रवक्ता अरविंद सिंह, भाजपा नेता ब्रजेश तिवारी, मनोज सिंह, विकास सिंह और संजीव क्षत्रीय ने भी संगम में डुबकी लगाकर आस्था प्रकट की और सनातन संस्कृति के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
धार्मिक अनुष्ठान और भव्य आयोजन
गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम पर इन नेताओं ने विधिवत पूजा-अर्चना की और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को आत्मसात किया। कुंभ मेले में उमड़ी भक्तों की भीड़ के बीच भाजपा नेताओं ने संत-महात्माओं का आशीर्वाद लिया और राष्ट्र के कल्याण की कामना की।
संस्कृति और परंपरा से जुड़ने का संदेश
इस अवसर पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि “कुंभ सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि हमारी सनातन परंपरा की जीवंत धरोहर है। यहां आकर आत्मिक शांति मिलती है और देश व समाज की भलाई के लिए सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।”
वहीं, मंगल पाण्डेय ने कहा कि “गंगा स्नान और कुंभ का हिस्सा बनना सौभाग्य की बात है। यह न केवल धार्मिक, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक भी है।”