Hindi News / बिहार में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई - तीन महीने में 19 लाख...

BIG NEWS : बिहार में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई - तीन महीने में 19 लाख लीटर से अधिक शराब जब्त, हजारों गिरफ्तार

Edited By:  |
big news big news

पटना: बिहार सरकार के मद्य निषेध,उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है. विभाग द्वारा 01 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक पूरे राज्य में सघन छापेमारी अभियान संचालित किया गया,जिसके परिणामस्वरूप अवैध कारोबार पर कड़ी चोट पहुंची है.

इस तीन महीने के अभियान के दौरान कुल 3,54,396 स्थानों पर छापेमारी की गई. इन कार्रवाइयों के क्रम में 42,323 मामले दर्ज किए गए,जबकि 47,306 लोगों को गिरफ्तार किया गया. यह आंकड़े दर्शाते हैं कि राज्य में अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है.

जब्ती के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस अवधि में कुल 19,69,795 लीटर शराब बरामद की गई. इसमें 16,34,520 लीटर देशी शराब,3,30,482 लीटर विदेशी शराब तथा 4,793 लीटर स्पिरिट शामिल है. इतनी बड़ी मात्रा में शराब की जब्ती यह संकेत देती है कि अवैध नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार और योजनाबद्ध कार्रवाई की जा रही है.

इसके साथ ही विभाग ने अवैध शराब के परिवहन में उपयोग किए जा रहे वाहनों पर भी सख्ती दिखाई. कुल 2,716 वाहनों को जब्त किया गया,जिनमें 2,016 दोपहिया,198 तीनपहिया,432 चारपहिया और 70 ट्रक शामिल हैं. इससे स्पष्ट है कि अवैध कारोबार की पूरी श्रृंखला को निशाना बनाया जा रहा है.

जिलावार कार्रवाई में सारण,पटना,पूर्वी चंपारण और नालंदा जिले प्रमुख रूप से आगे रहे. इन जिलों में सबसे अधिक छापेमारी,गिरफ्तारी और शराब जब्ती दर्ज की गई,जो अभियान की प्रभावशीलता को दर्शाता है.

मद्य निषेध विभाग की इस लगातार कार्रवाई से राज्य में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है. विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे,ताकि कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--