Hindi News / सफाईकर्मियों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगी नि:शुल्क कोचिंग...

पटना नगर निगम का ‘प्रोजेक्ट उड़ान’ शुरु : सफाईकर्मियों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगी नि:शुल्क कोचिंग सुविधा

Edited By:  |
patna nagar nigam ka 'project udan' shuru patna nagar nigam ka 'project udan' shuru

पटना: शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाईकर्मियों के बच्चों के सपनों को पंख देने के लिए पटना नगर निगम ने‘प्रोजेक्ट उड़ान’की शुरुआत की है. इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत निगम के स्थायी,दैनिक वेतनभोगी तथा आउटसोर्सिंग व्यवस्था से जुड़े सभी सफाईकर्मियों,सफाई निरीक्षकों और मुख्य सफाई निरीक्षकों के बच्चों कोUPSC, BPSC, JEEऔरNEETजैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी.

पटना नगर निगम के सभी अंचलों में सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी (Assistant Public Sanitary & Waste Management Officer)द्वारा सफाईकर्मियों के परिवारों से संपर्क कर पात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जा रही है. सोमवार तक 35 अभ्यर्थियों ने इस पहल का लाभ लेने में रुचि दिखाई है.

इच्छुक विद्यार्थियों का चयन उनके शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा. इसके पश्चात प्रारंभिक परीक्षा आयोजित कर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी. अधिकाधिक बच्चों को इस योजना का लाभ मिल सके,इसके लिए योग्य अभ्यर्थियों की संख्या पर कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है.

सफाईकर्मियों के परिवार को सशक्त बनाना हमारा दायित्व- नगर आयुक्त

नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने कहा कि निगम के सफाईकर्मियों और उनके परिवारों को सम्मानपूर्ण जीवन देना हमारी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा, ‘प्रोजेक्ट उड़ान’का उद्देश्य केवल बच्चों को कोचिंग उपलब्ध कराना नहीं,बल्कि उनके सपनों को साकार करने का अवसर देना है. यह पहल सामाजिक गतिशीलता को बढ़ावा देगी और सफाईकर्मियों के परिवार को सशक्त बनाएगी,ताकि उनके बच्चों को बेहतर अवसर मिल सकें और समाज में समानता स्थापित हो सके." उन्होंने कहा कि पटना नगर निगम का उद्देश्य केवल नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं,बल्कि उन कर्मचारियों और उनके परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना भी है,जो दिन-रात शहर को स्वच्छ बनाए रखने में लगे रहते हैं.

नगर निगम चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों से जोड़ने का कार्य करेगा. विद्यार्थियों की पढ़ाई और अन्य आवश्यक खर्चों के लिएCSRसाझेदारी के माध्यम से पूर्ण वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. इसके साथ ही निगम द्वारा बच्चों की पढ़ाई और तैयारी की प्रगति की नियमित समीक्षा भी की जाएगी.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट--