BIG NEWS : पटना के बेउर में पुलिस मुठभेड़, लूट कांड का आरोपी घायल, 3 गिरफ्तार, फायरिंग के बाद इलाके में बढ़ी चौकसी
पटना: राजधानीपटना के बेउर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई,जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. यह मुठभेड़ सिपारा स्थित कृषि फर्म के पीछे हुई,जहां पुलिस लूटकांड के आरोपियों की तलाश में पहुंची थी. इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी,जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई.
मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी दिलीप कुमार के पैर में गोली लगी,जिससे वह घायल हो गया. उसे तुरंत इलाज के लिए एम्स पटना में भर्ती कराया गया है. पुलिस के मुताबिक दिलीप कुमार बेउर के ब्रम्हांस्थानी इलाके का रहने वाला है. हालांकि,प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ कोई बड़ा आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है.
इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और उनसे पूछताछ जारी है. बताया जा रहा है कि ये सभी आरोपी रामकृष्णा नगर में हुए लूट कांड से जुड़े हुए हैं.
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी भी मौके के लिए रवाना हो गए और पूरे ऑपरेशन की निगरानी की जा रही है. एसएसपी ने बताया कि रामकृष्ण नगर इलाके में आभूषण दुकान में हुई डकैती को लेकर पुलिस छानबीन कर रही थी और इस मामले में शामिल 1 अपराधी पकड़ा गया. उसकी निशानदेही पर पुलिस बाकी के अपराधियों की गिरफ्तारी में लगी हुई थी. लेकिन अपराधियों ने पहले फायरिंग की,जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की.
फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट—





