BIG NEWS : पटना के बिहटा में पुलिस ने हथियारों के साथ शराब पार्टी कर रहे 5 अपराधियों को दबोचा
पटना: बड़ी खबर पटना से है जहां बिहटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार के साथ शराब पार्टी करवाने वाले 5 अपराधियों को अवैध हथियारों और शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई बिहटा थाना क्षेत्र के बहपुरा बाजार स्थित सनराज सिटी कार्यालय के समीप छापेमारी कर की है. पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से देसी कार्बाइन,देसी कट्टा,34 जिंदा कारतूस,44 खोखा,चार मोबाइल फोन,300 एमएल विदेशी शराब की एक बोतल तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है.
पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के फिराक में थे. इस संबंध में सीटी एसपी पश्चिम संकेत कुमार ने बताया कि 26 जुलाई की शाम सूचना मिली थी कि बहपुरा बाजार में कुछ अपराधी अवैध हथियारों के साथ जुटे हैं और शराब पार्टी कर रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देशन तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2,दानापुर के नेतृत्व में बिहटा पुलिस ने विशेष छापेमारी दल का गठन किया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और पांचों आरोपितों को हथियारों के साथ पकड़ा. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मनेर थाना क्षेत्र के सत्तो मोहल्ला निवासी रोशन कुमार (39),हिमांशु उर्फ सोनू कुमार (21),सुजीत कुमार (39),संजीव कुमार (23) तथा धीरज कुमार (22) के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली है,जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. इस मामले में बिहटा थाना कांड संख्या 737/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस),आर्म्स एक्ट तथा बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में हिमांशु उर्फ सोनू कुमार,रोशन कुमार और धीरज कुमार के विरुद्ध हत्या,आर्म्स एक्ट,एससी-एसटी एक्ट सहित कई संगीन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. पुलिस इनके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है.
अभय राज की रिपोर्ट-





