Hindi News / झारखंड-छत्तीसगढ़ में माओवादियों को बड़ा झटका: 24 नक्सली मंगलवार को डालेंगे हथियार

JHARKHAND NEWS : झारखंड-छत्तीसगढ़ में माओवादियों को बड़ा झटका: 24 नक्सली मंगलवार को डालेंगे हथियार

Edited By:  |
jharkhand news jharkhand news

झारखंड में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान को एक ऐतिहासिक सफलता मिलने जा रही है। भाकपा माओवादी संगठन को अब तक का सबसे बड़ा झटका देते हुए 24 नक्सली एक साथ मुख्यधारा में लौटने जा रहे हैं।मंगलवार, यानी आज सुबह 11:00 बजे रांची स्थित झारखंड पुलिस मुख्यालय में राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) की मौजूदगी में यह सामूहिक आत्मसमर्पण होगा। सरेंडर करने वालों में झारखंड के 16 और पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के 8 कुख्यात नक्सली शामिल हैं।इस आत्मसमर्पण की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें संगठन के कई शीर्ष कमांडर शामिल हैं।

एक रीजनल कमेटी मेंबर (RCM)

चार जोनल कमेटी मेंबर (ZCM)

तीन सब-जोनल कमेटी मेंबर (SZCM)

दस एरिया कमेटी मेंबर (ACM)और छह सक्रिय कैडर हथियार समेत सरेंडर करेंगे।इनमें झारखंड के कई इनामी नक्सली भी हैं, जिन पर कुल 39 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सूत्रों के मुताबिक, सरेंडर करने वालों में 1 करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा का करीबी बॉडीगार्ड देवान मुर्मू भी शामिल है। छत्तीसगढ़ से भी एक जोनल कमेटी मेंबर अश्विन उर्फ लच्छू कोरसा समेत 8 कैडर हथियार डालेंगे।महज इंसान ही नहीं, ये नक्सली अपने साथ आधुनिक हथियारों का एक बहुत बड़ा जखीरा भी पुलिस को सौंप रहे हैं। इनके पास से 11 आधुनिक घातक हथियार—जिनमें 6 इंसास, 2 एके-47, 1 एचके-33, 1 यूएस कार्बाइन और एक आधुनिक एम-16 राइफल शामिल है—बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 38 मैगजीन और 1500 से ज्यादा जिंदा कारतूस भी पुलिस को सौंपे जाएंगे।एक साथ 24 सक्रिय और बड़े कैडर के माओवादियों का इस तरह हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटना, झारखंड और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों में माओवादी संगठन की रीढ़ तोड़ने जैसा है। इसे सुरक्षा बलों की अब तक की सबसे बड़ी रणनीतिक जीत माना जा रहा है। उम्मीद है कि इस घटना के बाद क्षेत्र में शांति और विकास का रास्ता और तेजी से खुलेगा।