BIG BREAKING : बिहार साइबर पुलिस ने 67 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी का किया खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
पटना: बिहार पुलिस की साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई ने राज्य में साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए67करोड़ रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी से जुड़े म्यूल अकाउंट और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. विशेष अभियान के तहत साइबर थाना,पटना के सहयोग से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी विभिन्न बैंकों में म्यूल बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी की रकम उन खातों में जमा कराते थे और बाद में अलग-अलग माध्यमों से धनराशि को आगे ट्रांसफर कर देते थे.
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन,छह पासबुक, 13एटीएम कार्ड, 10चेकबुक,छह मोहर,एक क्यूआर पेमेंट कोड तथा आठ सिम कार्ड बरामद किए गए हैं. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इन बैंक खातों पर देश के विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज हैं. पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि ठगी की रकम को क्रिप्टो एक्सचेंज प्लेटफॉर्म के माध्यम से विदेशी नेटवर्क तक पहुंचाया जा रहा था,जिससे मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका और मजबूत हुई है.
साइबर पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ बैंक खाते बैंक अधिकारियों की मिलीभगत से खोले गए और उनका उपयोग साइबर अपराध से अर्जित धन के लेन-देन में किया जा रहा था. इस मामले में साइबर थाना,पटना में प्राथमिकी दर्ज कर विस्तृत जांच की जा रही है. नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर अपना बैंक खाता,एटीएम कार्ड,चेकबुक,यूपीआई या अन्य बैंकिंग सुविधाएं किसी को इस्तेमाल के लिए उपलब्ध न कराएं. ऐसा करना भी दंडनीय अपराध है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





