Hindi News / बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में बड़ा बदलाव, अब 2 लाख तक मिलेगा...

BIG BREAKING : बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में बड़ा बदलाव, अब 2 लाख तक मिलेगा शिक्षा ऋण

Edited By:  |
big breaking big breaking

पटना: बिहार में उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर है. बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में बड़ा बदलाव किया गया है. राज्य सरकार ने योजना के तहत मिलने वाले शिक्षा ऋण की अधिकतम सीमा में संशोधन किया है. नई व्यवस्था के तहत अब विद्यार्थियों को अधिकतम दो लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण मिल सकेगा.

उच्च शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है. सरकार ने बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने का भी निर्णय लिया है. योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि पैसे की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो.

नई व्यवस्था के अनुसार, जिन विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दो लाख रुपये तक की राशि की जरूरत है, वे बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से शिक्षा ऋण प्राप्त कर सकेंगे. वहीं, यदि किसी विद्यार्थी की फीस या अन्य शैक्षणिक खर्च दो लाख रुपये से अधिक है, तो अतिरिक्त राशि के लिए पीएम-विद्यालक्ष्मी पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा.

सरकार के इस फैसले से उच्च शिक्षा के लिए ऋण लेने वाले विद्यार्थियों को अपनी जरूरत के अनुसार वित्तीय विकल्प चुनने में सुविधा मिलेगी. खासकर महंगे पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने वाले छात्रों को दो अलग-अलग व्यवस्थाओं के जरिए अपनी शिक्षा की जरूरत पूरी करने का विकल्प मिलेगा.

योजना के तहत समय पर ऋण की अदायगी करने वाले विद्यार्थियों को ब्याज में प्रोत्साहन का लाभ भी दिया जाएगा. निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर भुगतान करने पर30से40प्रतिशत तक ब्याज प्रोत्साहन मिलने की व्यवस्था बताई गई है.

सरकार का मानना है कि इस बदलाव से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा जारी रखने में मदद मिलेगी. छात्रों को आवेदन से पहले अपने पाठ्यक्रम की फीस, शैक्षणिक खर्च और आवश्यक ऋण राशि का आकलन करना होगा. दो लाख रुपये तक की जरूरत वाले विद्यार्थी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ ले सकेंगे, जबकि इससे अधिक राशि के लिए पीएम-विद्यालक्ष्मी पोर्टल का विकल्प उपलब्ध रहेगा.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--