BIG BREAKING : भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीएम सम्राट करेंगे उच्च स्तरीय बैठक
पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है. यह बैठक दोपहर तीन बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से आयोजित होगी, जिसमें सीमा सुरक्षा से जुड़े सभी अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.
बैठक में गृह विभाग, पुलिस मुख्यालय, जिला प्रशासन, सशस्त्र सीमा बल (SSB) सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है. मुख्यमंत्री सीमा से लगे जिलों की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र और संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करेंगे.
सूत्रों के अनुसार, बैठक में सीमा पार से होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, तस्करी, अवैध आवाजाही और अन्य सुरक्षा चुनौतियों पर विशेष फोकस रहेगा. साथ ही सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और सूचना साझा करने की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा होगी.
मुख्यमंत्री अधिकारियों को सीमा क्षेत्र में चौकसी बढ़ाने, गश्त तेज करने और तकनीकी निगरानी को मजबूत करने के निर्देश दे सकते हैं. सीमा से सटे जिलों के प्रशासन को भी सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल साझा करने के लिए कहा जा सकता है.
हाल के दिनों में सीमा सुरक्षा को लेकर बढ़ी सतर्कता के बीच इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सरकार का उद्देश्य भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा किसी भी संभावित खतरे से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--





