Hindi News / पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप का मास्टर प्लान तैयार, खबर में जानिए पूरी जानकारी

BIG BREAKING : पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप का मास्टर प्लान तैयार, खबर में जानिए पूरी जानकारी

Edited By:  |
big breaking big breaking

बिहार की राजधानी पटना और आसपास के क्षेत्रों के सुनियोजित विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सेटेलाइट टाउनशिप का मास्टर प्लान तैयार कर लिया गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग के अनुसार यह महत्वाकांक्षी परियोजना लगभग 81,730 एकड़ (करीब 33,070 हेक्टेयर) क्षेत्र में विकसित की जाएगी। वर्ष 2047 को ध्यान में रखकर तैयार इस योजना के तहत भविष्य में करीब 66.10 लाख लोगों के रहने की क्षमता वाला आधुनिक शहर बसाने का लक्ष्य रखा गया है।

योजना के पहले चरण में लगभग 25 लाख लोगों की आबादी के अनुरूप सड़क, पेयजल, सीवरेज, बिजली, सार्वजनिक परिवहन, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके बाद बढ़ती आबादी और जरूरतों के अनुसार सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। वर्तमान में प्रस्तावित विशेष क्षेत्र में करीब 2.45 लाख लोगों की आबादी और 52,910 मकान मौजूद हैं।

मास्टर प्लान में आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक, संस्थागत और मनोरंजन क्षेत्रों के लिए अलग-अलग भूमि उपयोग का प्रावधान किया गया है, ताकि संतुलित और व्यवस्थित शहरी विकास सुनिश्चित हो सके। योजना में मिश्रित भूमि उपयोग, सार्वजनिक परिवहन आधारित विकास, हरित क्षेत्रों का संरक्षण, ब्लू-ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर, जलवायु के अनुकूल शहरी नियोजन और चरणबद्ध विकास पर विशेष जोर दिया गया है।

सरकार का उद्देश्य अनियोजित और बिखरे निर्माण पर रोक लगाते हुए एक आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और आत्मनिर्भर शहर विकसित करना है। अधिकारियों का मानना है कि यह परियोजना भविष्य में पटना महानगर क्षेत्र पर बढ़ते जनसंख्या दबाव को कम करने के साथ-साथ रोजगार, निवेश और बेहतर शहरी जीवन की नई संभावनाएं भी पैदा करेगी।